ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने गाज़ा में मासूम नागरिकों के खिलाफ इज़राइली कार्रवाइयों को "स्पष्ट रूप से अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन" बताया है। लेकिन इसके बावजूद, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में फिलिस्तीन को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में औपचारिक मान्यता देने से इनकार कर दिया है।
प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने ABC चैनल से बातचीत में गाज़ा से सामने आ रही भूख और कुपोषण की तस्वीरों पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “एक साल का बच्चा हमास का लड़ाका नहीं हो सकता। अंतरराष्ट्रीय कानून कहता है कि निर्दोष लोगों को संघर्ष के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।”
"ये पूरी तरह अस्वीकार्य है"
गाज़ा में भूख से अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है। हालिया दबाव के बाद इज़राइल ने संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता के लिए कॉरिडोर बनाने और हवाई ड्रॉप्स के ज़रिए राशन पहुँचाने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने इसे "शुरुआत" बताया लेकिन साथ ही चेताया कि यह काफी नहीं है:
“हम सभी ने वह तस्वीर देखी है जिसमें एक महिला अपने कुपोषित बच्चे को गोद में लिए हुए है। यह हृदय विदारक है। यह स्थिति अस्वीकार्य और अक्षम्य है।”
फ्रांस की राह पर नहीं चलेगा ऑस्ट्रेलिया
फ्रांस हाल ही में पहला बड़ा पश्चिमी देश बन गया है जिसने फिलिस्तीन को संयुक्त राष्ट्र में स्वतंत्र राष्ट्र की मान्यता देने की घोषणा की है। लगभग 75% यूएन सदस्य देश पहले ही ऐसा कर चुके हैं।
लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने इस पर संयम बरतते हुए कहा कि वह “उचित समय” पर निर्णय लेगा।
“यह कोई प्रतीकात्मक फैसला नहीं होगा। जब परिस्थितियाँ सही होंगी, तभी हम यह कदम उठाएंगे। हमें यह समझना होगा कि एक संभावित फिलिस्तीनी राज्य में हमास की भूमिका कैसे रोकी जाएगी, और वह राज्य इज़राइल के अस्तित्व के लिए खतरा न बने,” अल्बनीज़ ने कहा।