वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास फायरिंग, संदिग्ध ढेर; FBI ने शुरू की जांच

वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास फायरिंग, संदिग्ध ढेर; FBI ने शुरू की जांच

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रविवार तड़के व्हाइट हाउस के निकट गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति ने व्हाइट हाउस के पश्चिमी गेट के पास मौजूद सुरक्षा चेकपॉइंट पर तैनात अधिकारियों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने भी गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने करीब 20 से 30 राउंड फायर किए। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सीक्रेट सर्विस, स्थानीय पुलिस और अन्य संघीय एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के दौरान सुरक्षा बलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिससे किसी बड़े नुकसान को टाला जा सका। हालांकि, घटना में किसी अधिकारी या आम नागरिक के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद संघीय जांच एजेंसी FBI ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमलावर का उद्देश्य क्या था और क्या वह किसी संगठन से जुड़ा हुआ था।

व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा पहले से ही बेहद कड़ी रहती है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति आवास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।