दुबई। भारत ने रविवार को दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए इसे "खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर" बताया। पीएम मोदी के इस बयान पर भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
सूर्यकुमार यादव ने कहा, “यह अच्छा लगता है जब देश का लीडर खुद फ्रंट फुट पर बल्लेबाजी करता है। ऐसा लगा जैसे उन्होंने खुद स्ट्राइक लेकर रन बनाए हों। जब सर सामने खड़े हों तो खिलाड़ी भी खुलकर खेलते हैं।”
फाइनल के बाद विवाद तब खड़ा हुआ जब भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इस पर सूर्यकुमार ने साफ कहा, “मैं इसे विवाद नहीं कहूंगा। असली ट्रॉफी तो तब मिलती है जब आप खिलाड़ियों, स्टाफ और देशवासियों का दिल जीतते हैं। मैदान पर मेहनत ही सबसे बड़ी ट्रॉफी है।”
कप्तान ने टीम की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, “अजेय रहते हुए टूर्नामेंट जीतना बहुत खास अहसास है। यह पूरी टीम और देश के लिए गर्व का क्षण है। कल रात हम सबने मिलकर इस जीत का आनंद लिया।”
मैच के बाद सूर्यकुमार ने घोषणा की कि वे एशिया कप के सभी मैचों की अपनी फीस पहलगाम आतंकी हमले में शहीदों के परिवारों और सशस्त्र बलों को देंगे। उन्होंने कहा, “इतने सारे भारतीय हमारे साथ खड़े थे, तो मुझे लगा कि हमें भी थोड़ा योगदान करना चाहिए। यह मेरी छोटी-सी कोशिश है।”