रिज़र्व बैंक से ब्याज दरों में राहत की उम्मीद, लाखों गृह ऋण धारकों को मिलेगा फ़ायदा

रिज़र्व बैंक से ब्याज दरों में राहत की उम्मीद, लाखों गृह ऋण धारकों को मिलेगा फ़ायदा

सिडनी, 11 अगस्त 2025 —
रिज़र्व बैंक ऑफ़ ऑस्ट्रेलिया (RBA) की दो दिवसीय बैठक आज से शुरू हो रही है और विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार ब्याज दरों में कटौती लगभग तय है। अनुमान है कि मंगलवार दोपहर 2:30 बजे (AEST) बैंक 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की घोषणा करेगा, जिससे आधिकारिक नकद दर घटकर 3.60% रह जाएगी।

यदि वाणिज्यिक बैंक इस कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाते हैं, तो 5 लाख डॉलर के होम लोन पर गृहस्वामी को सालाना लगभग 2884 डॉलर की बचत होगी।

पिछले महीने बाज़ार की उम्मीदों के बावजूद RBA ने दरों में कोई बदलाव नहीं किया था और नकद दर 3.85% पर स्थिर रखी थी, जिससे गृह ऋण धारक निराश हुए थे। लेकिन इस बार ताज़ा आँकड़ों ने कटौती की संभावना को मज़बूत किया है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले तिमाही में महंगाई दर घटकर 2.1% पर आ गई है, जो पिछले चार वर्षों में सबसे कम है और बैंक के 2-3% के लक्ष्य दायरे में है। वहीं, जून में बेरोज़गारी दर बढ़कर 4.3% हो गई है, जो 2022 के बाद से सबसे ऊंचा स्तर है।

बाज़ार में कुछ विशेषज्ञ 50 बेसिस प्वाइंट की बड़ी कटौती की भी संभावना जता रहे हैं, जिससे नकद दर 3.35% तक आ सकती है।