ऑस्ट्रेलिया के बीच-बीच और पर्यटन स्थलों पर रात के समय कार या कैम्परवैन में सोते लोग आम नज़ारों में से एक हैं। लेकिन ऐसा करने से पहले नियमों की जानकारी होना ज़रूरी है, क्योंकि देशभर में इसके कानून अलग-अलग हैं।
ऑस्ट्रेलिया में कोई भी संघीय (फेडरल) कानून ऐसा नहीं है जो कार में सोने को प्रतिबंधित करता हो। इस विषय पर अधिकार राज्य और स्थानीय परिषदों (काउंसिल) के पास है, और हर राज्य में नियम अलग हैं।
न्यू साउथ वेल्स, विक्टोरिया, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया, साउथ ऑस्ट्रेलिया और तस्मानिया
इन राज्यों में कार में सोना कानूनी है, लेकिन आपको स्थानीय पार्किंग नियमों का पालन करना होगा। समुद्र तट और पर्यटक स्थलों के पास पार्किंग समय सीमा तय रहती है।
नॉर्दर्न टेरिटरी
यहां कार में सोना “कैंपिंग” की श्रेणी में आता है। यदि आप निर्धारित कैंपसाइट के अलावा कहीं भी सोते हैं तो जुर्माना लग सकता है।
क्वींसलैंड – सबसे सख़्त नियम
क्वींसलैंड में कार में सोना केवल निर्धारित कैंपिंग क्षेत्र में ही अनुमति है। ब्रिस्बेन सिटी एक्ट 2010 के तहत, किसी भी अन्य स्थान पर वाहन में सोना ग़ैरक़ानूनी है। हाल ही में नोसा काउंसिल ने अवैध कैंपिंग पर सख़्त कार्रवाई करते हुए एक वीकेंड में 30 से अधिक लोगों पर $322 (करीब ₹17,000) का जुर्माना लगाया।
नोसा के मेयर फ्रैंक विल्की ने कहा कि अवैध कैंपिंग से स्थानीय लोग परेशान हो रहे थे, क्योंकि कई लोग सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों को टॉयलेट की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। इसी वजह से रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक कुछ क्षेत्रों में पार्किंग पर पाबंदी लगा दी गई है।
ऑस्ट्रेलिया में कार में सोना पूरी तरह ग़ैरक़ानूनी नहीं है, लेकिन हर राज्य के अपने नियम हैं। यदि आप यात्रा के दौरान वाहन में रात बिताने की सोच रहे हैं, तो स्थानीय पार्किंग और कैंपिंग कानूनों की जानकारी पहले ले लें, वरना आपकी यात्रा पर भारी जुर्माना लग सकता है।