सिडनी – ऑस्ट्रेलिया की राजधानी सिडनी में अपराध की दुनिया ने एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। हाल ही में एक महिला के कार की डिक्की से करीब 20 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 16 करोड़ रुपये) की नकदी बरामद की गई है। इस घटना ने पुलिस और जांच एजेंसियों को चौका दिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मामला किसी आम चोरी या घोटाले का नहीं, बल्कि एक नई उभरती हुई अवैध गतिविधि का हिस्सा है, जो अब नशे के कारोबार जितनी ही लाभकारी बनती जा रही है – और उतनी ही हिंसक भी।
इस महिला को एक नियमित जांच के दौरान रोका गया था। जांच के दौरान कार की डिक्की खोली गई, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए – अंदर 20 लाख डॉलर नकद रखे हुए थे, जिन्हें गुप्त तरीके से छुपाया गया था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि महिला किस गैंग या नेटवर्क से जुड़ी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिल रहे हैं कि वह संगठित अपराध सिंडिकेट का हिस्सा हो सकती है।
सिडनी की अपराधी दुनिया लंबे समय से शहर में ड्रग्स की भारी मांग पूरी करती रही है। लेकिन अब यह गैंग नेटवर्क ड्रग्स से आगे बढ़कर उस धंधे में हाथ डाल चुके हैं, जो कई विशेषज्ञों के मुताबिक, ड्रग्स से भी बड़ा और खतरनाक व्यापार बन चुका है – इसमें हवाला, तस्करी, अवैध कैश ट्रांसफर, और नकदी के जरिए संपत्ति खरीद जैसे अपराध शामिल हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “यह खेल अब सिर्फ नशे तक सीमित नहीं रहा। नकद की यह भारी मात्रा दर्शाती है कि किस तरह संगठित अपराधी नेटवर्क देश की अर्थव्यवस्था को काले धन के जरिए हिला रहे हैं। इसमें हिंसा, धमकी और भ्रष्टाचार का भी बड़ा दखल है।”
इस सनसनीखेज गिरफ्तारी के बाद अब ऑस्ट्रेलियाई पुलिस, फेडरल एजेंसियां और आर्थिक अपराध शाखाएं मिलकर जांच में जुट गई हैं। कई हाई-प्रोफाइल गैंगस्टरों और संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में तकनीक और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भी बड़ा हाथ होता है, जो डिजिटल पेमेंट, क्रिप्टो करेंसी और हवाला चैनलों के जरिए काम करते हैं।