लॉस एंजेलिस, 4 सितंबर।
हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मैथ्यू पेरी की मौत से जुड़े बहुचर्चित ड्रग्स केस में बड़ा मोड़ आया है। अमेरिका और ब्रिटेन की नागरिक 42 वर्षीय महिला जसवीन संगा, जिसे ग्राहक “केटामाइन क्वीन” के नाम से जानते थे, ने बुधवार को संघीय अदालत में खुद को दोषी मान लिया।
लॉस एंजेलिस स्थित संघीय न्यायालय में यूएस डिस्ट्रिक्ट जज शेरिलिन पीस गार्नेट के सामने जसवीन संगा ने पाँच गंभीर आरोपों में दोष स्वीकार किया।
इनमें एक आरोप ड्रग्स से जुड़ी जगह चलाने का,
तीन आरोप केटामाइन वितरण के, और
एक आरोप केटामाइन वितरण से मौत का है।
अदालत में सुनवाई के दौरान जसवीन जेल की खाकी वर्दी में अपने वकील मार्क गेरागोस के साथ मौजूद थी। जब जज ने आरोप पढ़कर पूछा तो उसने पाँच बार “गिल्टी” कहकर जवाब दिया।
हालांकि, एक सवाल पर उसने थोड़ी हिचकिचाहट दिखाई। जज ने पूछा कि क्या उसे पता था कि उसने जो केटामाइन एरिक फ्लेमिंग को दिया, वह सीधे मैथ्यू पेरी तक पहुँचेगा? इस पर उसने कहा,
“मैं सौ प्रतिशत नहीं कह सकती थी।”
फिर भी अदालत ने उसकी स्वीकारोक्ति को वैध मान लिया।
अभियोजकों ने जसवीन को “प्रोफेशनल ड्रग डीलर” बताते हुए कहा कि वह कई वर्षों से नशीले पदार्थ बेच रही थी और उसके ग्राहक उसे “केटामाइन क्वीन” कहते थे।
जाँच में सामने आया कि उसी ने वह खतरनाक केटामाइन सप्लाई किया था, जिससे अक्टूबर 2023 में मैथ्यू पेरी की मौत हो गई थी।
इस मामले की सुनवाई में पहली बार पेरी का परिवार भी अदालत पहुँचा।
उनकी मां सुज़ैन पेरी और सौतेले पिता, मशहूर टीवी शो “डेटलाइन” के रिपोर्टर कीथ मॉरिसन, दर्शक दीर्घा में बैठे रहे।
सुनवाई के बाद बाहर मीडिया से बात करते हुए जसवीन के वकील मार्क गेरागोस ने कहा—
“मेरी मुवक्किल इस घटना से बेहद दुखी है। कोई भी यह नहीं चाहता कि उसके कारण किसी की जान जाए। जसवीन पहले दिन से पछता रही है और आज उसने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार कर ली।”
गेरागोस ने बताया कि यह प्लीड डील सरकार से लंबे ‘बैक-एंड-फोर्थ’ वार्तालाप के बाद तय हुआ।
जसवीन ने अदालत में यह भी माना कि उसने 2019 में कोडी मैक्लॉरी नामक युवक को भी ड्रग्स बेचे थे, जिसकी ओवरडोज़ से मौत हो गई थी। हालांकि, उस मामले का मैथ्यू पेरी से कोई संबंध नहीं था।
सरकार ने डील के तहत उसके खिलाफ दर्ज तीन अन्य आरोप वापस ले लिए।
इस मामले में कुल पाँच लोगों पर मुकदमा चल रहा था। सभी ने अब तक दोष स्वीकार कर लिया है।
जसवीन संगा आखिरी आरोपी थी, जिसने बुधवार को गुनाह कबूल कर केस को निर्णायक मोड़ पर पहुँचा दिया।
अब अदालत अगली सुनवाई में जसवीन संगा को सज़ा सुनाएगी।
कानून विशेषज्ञों का मानना है कि “केटामाइन क्वीन” को लंबी जेल की सज़ा हो सकती है।