सिडनी। ऑस्ट्रेलियन रियलिटी शो सर्वाइवर के चाहने वालों के लिए बड़ा झटका आया है। शो के लंबे समय से होस्ट रहे जोनाथन ला पाग्लिया को चैनल टेन ने अचानक हटा दिया है। उनकी जगह अब शो का चेहरा बनेंगे पूर्व विजेता और चर्चित खिलाड़ी डेविड जेनेट।
डेविड जेनेट का नाम सर्वाइवर फैन्स के लिए नया नहीं है। वे 2019 में चैम्पियंस बनाम कंटेंडर्स सीज़न में पहली बार नज़र आए थे। इसके बाद 2020 में ऑल स्टार्स सीज़न जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया।
हाल ही में वे तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया वर्सेस द वर्ल्ड सीज़न में लौटे थे, लेकिन शुरुआत में ही बाहर हो गए।
जेनेट ने ऑस्ट्रेलियन सर्वाइवर से बाहर होने के बावजूद इस साल अंतरराष्ट्रीय सुर्खियाँ बटोरीं जब उन्होंने अमेरिकी शो डील ऑर नो डील आइलैंड जीतकर 9.17 मिलियन डॉलर (लगभग 68 करोड़ रुपये) का सबसे बड़ा नकद इनाम अपने नाम किया।
डेविड जेनेट के नए होस्ट बनने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों और नाराज़गी दोनों की आवाज़ें सुनाई दीं।
कई खिलाड़ियों और सेलिब्रिटी फैन्स ने उन्हें बधाई दी, लेकिन दर्शकों का एक बड़ा तबका अब भी जोनाथन ला पाग्लिया (JLP) की विदाई से नाखुश है।
एक दर्शक ने लिखा – “JLP ने शो को जो स्तर दिया, वह कोई और नहीं दे सकता। उनके बिना यह अधूरा लगेगा।”
दूसरे ने कहा – “10 साल तक शो चलाने वाले होस्ट को अचानक निकाल देना नाइंसाफी है।”
55 वर्षीय जोनाथन ला पाग्लिया ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि उन्हें हटाए जाने की जानकारी सीधे नहीं दी गई।
उन्होंने कहा –
“मेरे मैनेजर को फोन आया, लेकिन मुझे खुद चैनल की तरफ से कोई कॉल नहीं आया। 10 साल तक फ्लैगशिप शो का चेहरा रहने के बाद कम से कम इतना सम्मान तो मिलना चाहिए था।”
उन्होंने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें अंदाज़ा ही नहीं था कि यह उनका आखिरी सीज़न है। “मैं अलविदा तक नहीं कह सका। असल में सर्वाइवर ने मुझे अलविदा कह दिया।”
ला पाग्लिया का आखिरी सीज़न, ऑस्ट्रेलिया वर्सेस द वर्ल्ड, जल्द ही दर्शकों के सामने होगा। इसके बाद नया सीज़न ऑस्ट्रेलियन सर्वाइवर: रिडेम्पशन सामोआ में फिल्माया जा रहा है और 2026 में ऑन-एयर होगा।
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या डेविड जेनेट अपनी लोकप्रियता और खिलाड़ी के अनुभव से दर्शकों का दिल जीत पाएंगे, या दर्शक जोनाथन ला पाग्लिया की कमी लगातार महसूस करते रहेंगे।