सिडनी (21 जुलाई, 2025): सिडनी के इनर-वेस्ट इलाके स्ट्रैथफील्ड में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जब पुलिस ने ‘चीनी पुलिस’ के निशान वाली एक काली सेडान कार को रोककर जांच की। कार चला रहा 21 वर्षीय युवक हथियारों और गोला-बारूद से लैस पाया गया। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, बर्वुड हाईवे पेट्रोल यूनिट की टीम 18 जुलाई को दोपहर लगभग 2:50 बजे नियमित गश्त पर थी, जब उन्होंने एक संदिग्ध वाहन को रोका। उस काली सेडान पर "Chinese Police" का लोगो स्पष्ट रूप से देखा गया। गाड़ी की बोनट और पैसेंजर डोर पर भी ‘चीनी पुलिस’ के निशान लगे थे।
जांच के दौरान युवक ने एक नकली दस्तावेज पेश किया जिसमें यह दावा किया गया कि यह वाहन चीनी वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। कार की तलाशी में पुलिस को ट्रंक से 48 जिंदा कारतूस मिले। आरोपी ने दावा किया कि उसे लगा कि "यह गोला-बारूद रखने की सबसे सुरक्षित जगह है।"
आश्चर्यजनक रूप से, आरोपी के पास एक वैध फायरआर्म लाइसेंस भी है, लेकिन घटनास्थल पर मिले हथियार और चिन्हों के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ कई गंभीर धाराएं लगाई हैं।
बाद में पुलिस ने युवक के बाउकहम हिल्स स्थित आवास पर भी छापेमारी की, जहाँ से दो जेल ब्लास्टर हथियार बरामद किए गए। आरोपी के वैध हथियारों को भी ज़ब्त कर लिया गया है और उसके लाइसेंस की समीक्षा की जा रही है।
लगाए गए आरोपों में शामिल हैं:
आपातकालीन सेवा संगठन के चिह्नों का अनुचित उपयोग
अवैध पुलिस प्रतीक चिन्ह के साथ वाहन चलाना
बिना अनुमति के प्रतिबंधित हथियार रखना
युवक को सशर्त ज़मानत दी गई है और उसे 22 जुलाई, 2025 को बर्वुड लोकल कोर्ट में पेश होना है।
स्थानीय सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोपी को ‘Temu Police’ नाम से भी संबोधित किया है, क्योंकि कार की बनावट और चीनी ब्रांडिंग देखने में ऑनलाइन ऑर्डर की गई नकली वस्तुओं जैसी प्रतीत होती है। कार की बोनट पर "POLICE" की जगह "POILCE" लिखा होना भी पुलिस की नज़र में आया।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक के इस हरकत का उद्देश्य क्या था—मज़ाक, दिखावा या कोई गम्भीर साजिश।