सिडनी, 25 जुलाई 2025 – ऑस्ट्रेलियाई टैक्सेशन ऑफिस (ATO) ने देशभर के ट्रेडियों और व्यवसाय मालिकों को एक सख्त चेतावनी दी है। हाल ही में बिल्डिंग और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री में GST धोखाधड़ी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ATO ने कहा है कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ATO के असिस्टेंट कमिश्नर एडम ओ’ग्रेडी ने कहा, "हम साफ संदेश दे रहे हैं – टैक्स प्रणाली के साथ धोखा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।"
ATO की जांच में सामने आया है कि कुछ ट्रेडी और कारोबारी मिलकर फर्जी बिल बना रहे हैं ताकि वे झूठे तरीके से GST रिफंड क्लेम कर सकें।
इन मामलों में शामिल हैं:
निर्माण कार्यों के नाम पर फर्जी खर्चे दिखाना
ऐसी सेवाओं के लिए बिल बनाना जो कभी दी ही नहीं गईं (जैसे मैनेजमेंट फीस)
एक ही बिल पर कई बार GST क्रेडिट क्लेम करना
पूरी तरह से काल्पनिक यानी नकली इनवॉइस बनाना
ATO ने बताया कि इन योजनाओं को अक्सर “स्मार्ट स्कीम” के रूप में पेश किया जाता है, जिसमें कानूनी तर्कों का सहारा लिया जाता है, लेकिन ये असल में धोखाधड़ी होती हैं।
ओ’ग्रेडी ने कहा, “अगर कोई योजना बहुत अच्छी लग रही है, तो संभव है वो फर्जी ही हो।”
ATO का कहना है कि देश की GST आय राज्यों और क्षेत्रों की बुनियादी सेवाओं के लिए बेहद जरूरी है। टैक्स धोखाधड़ी से न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि ईमानदार व्यापारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ATO ने आम जनता और व्यवसायों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की टैक्स धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो, तो वे तुरंत टैक्स ऑफिस को सूचित करें।
ओ’ग्रेडी ने कहा, “हम ये सुनिश्चित करेंगे कि टैक्स प्रणाली को कमजोर करने वाले लोग सजा पाएं। टैक्स ईमानदारी ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।”