एडिलेड के प्लायम्पटन (Plympton) इलाके में स्थित एज अर्ली लर्निंग (Edge Early Learning) सेंटर को दक्षिण ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने दो सप्ताह के लिए बंद करने का आदेश दिया है। कारण—बच्चों को बिना निगरानी के छोड़ने की घटनाएं।
शिक्षा मंत्री ब्लेयर बॉयर ने बताया कि अगस्त और सितंबर में निरीक्षण के दौरान केंद्र में बच्चों की देखरेख को लेकर कई खामियां पाई गईं। हाल ही में एक प्रशिक्षु शिक्षक ने दो बच्चों को करीब दो मिनट तक अकेला छोड़ दिया था और इस घटना की रिपोर्टिंग भी सही ढंग से नहीं हुई। यह नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया।
मंत्री बॉयर ने कहा—
“परिवारों की असुविधा को समझते हैं, लेकिन बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। यह पूरे सेक्टर को सख्त संदेश है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
एज अर्ली लर्निंग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एनी ब्राइस ने बयान जारी कर कहा—
“हम इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहे हैं। आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और एक नए सेंटर डायरेक्टर की नियुक्ति की जाएगी।”
करीब 60 परिवारों के बच्चे इस केंद्र में नामांकित हैं। कंपनी ने प्रभावित परिवारों को अपने अन्य तीन केंद्रों में अस्थायी जगह देने का प्रस्ताव दिया है।
गौरतलब है कि एज अर्ली लर्निंग दक्षिण ऑस्ट्रेलिया और क्वींसलैंड में 85 केंद्रों का संचालन करती है, जिनमें से 23 सिर्फ साउथ ऑस्ट्रेलिया में हैं।