काबुल/इस्लामाबाद। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई का दावा किया है। अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि अफगान बलों ने खोस्त प्रांत के अलीशेर-तेरेजी जिले में स्थित बाबरक पोस्ट के अंतर्गत अंजर सर क्षेत्र में पाकिस्तानी प्रशासन के एक मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है।
फितरत के अनुसार, इस अभियान के दौरान कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। अफगान पक्ष ने दावा किया है कि अब तक 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया गया है और बड़ी मात्रा में हथियार तथा सैन्य साजो-सामान भी कब्जे में लिया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पाकिस्तान की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अफगान उप प्रवक्ता ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि डूरंड लाइन पर व्यापक जवाबी सैन्य अभियान शुरू किया गया है। उनके मुताबिक, यह कार्रवाई 203 मंसूरी कॉर्प्स और 201 खालिद बिन वलीद कॉर्प्स की ओर से पक्तिया, पक्तिका, खोस्त, कुनर, नूरिस्तान और नंगरहार प्रांतों के विभिन्न क्षेत्रों में की जा रही है।
दावा किया गया है कि डूरंड लाइन से लेकर टोरखम गेट तक की सीमा पट्टी में अभियान चलाया जा रहा है। अफगान पक्ष का कहना है कि अब तक एक मुख्यालय और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है। डूरंड लाइन को लेकर दोनों देशों के बीच समय-समय पर तनाव और झड़पें होती रही हैं। हाल के दिनों में सीमा पार गोलाबारी और हवाई हमलों के आरोप-प्रत्यारोप के बाद स्थिति और संवेदनशील हो गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों की ओर से कूटनीतिक स्तर पर पहल नहीं की गई तो यह तनाव व्यापक सैन्य टकराव में बदल सकता है, जिसका असर पूरे क्षेत्र की स्थिरता पर पड़ सकता है।
फिलहाल, दोनों देशों के आधिकारिक बयानों और जमीनी हालात पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।