अबु धाबी, स्पोर्ट्स डेस्क
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एशिया कप के आखिरी ग्रुप मुकाबले में बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। ओमान के खिलाफ खेले गए इस मैच में उन्होंने एक विकेट चटकाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे कर लिए। अर्शदीप यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
अबु धाबी में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। निर्धारित 20 ओवर में टीम इंडिया ने आठ विकेट पर 188 रन बनाए। जवाब में ओमान की टीम चार विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी। ओमान के लिए आमिर कलीम और हम्माद मिर्जा ने 93 रनों की मजबूत साझेदारी की, लेकिन जीत दिलाने में नाकाम रहे।
अर्शदीप सिंह ने सिर्फ 64 मैचों में 100 विकेट पूरे किए। वह दुनिया में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए।
पहले स्थान पर अफगानिस्तान के राशिद खान हैं (53 मैच)।
दूसरे नंबर पर श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (63 मैच)।
अर्शदीप के बाद पाकिस्तान के हारिस रउफ (71 मैच) और आयरलैंड के मार्क अडायर (72 मैच) इस सूची में शामिल हैं।
इस मुकाबले में भारतीय टीम दो बदलावों के साथ उतरी। हर्षित राणा ने वरुण चक्रवर्ती की जगह ली, जबकि अर्शदीप सिंह को जसप्रीत बुमराह की जगह शामिल किया गया। दोनों गेंदबाजों ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
भारत का यह 250वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। टीम इंडिया टूर्नामेंट में अपने खिताब बचाने के इरादे से उतरी है और अब तक दमदार प्रदर्शन कर रही है। पहले मैच में यूएई को 9 विकेट से और दूसरे मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर भारत ने सुपर-चार में जगह बनाई थी।