एशिया कप 2025: सूर्यकुमार यादव का बड़ा ऐलान, मोहसिन नक़वी से नहीं लेंगे ट्रॉफी

एशिया कप 2025: सूर्यकुमार यादव का बड़ा ऐलान, मोहसिन नक़वी से नहीं लेंगे ट्रॉफी

दुबई। एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले के बाद शुरू हुआ विवाद अब और गहराता नज़र आ रहा है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि अगर भारत इस टूर्नामेंट का खिताब जीतता है, तो वह एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से ट्रॉफी लेने के लिए स्टेज पर नहीं जाएंगे।


हाथ मिलाने से इनकार पर मचा बवाल

14 सितंबर को दुबई में खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने तीखी आपत्ति जताई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि यह कदम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए उठाया गया। भारतीय टीम का मानना है कि खेल के मंच से भी पीड़ितों के साथ खड़े होने का संदेश दिया जाना चाहिए।


ACC अध्यक्ष से दूरी बनाएंगे सूर्यकुमार

सूत्रों के मुताबिक, टीम इंडिया ने एसीसी को पहले ही सूचित कर दिया है कि यदि भारत फाइनल में जीत दर्ज करता है तो कप्तान ट्रॉफी मोहसिन नक़वी के हाथों से नहीं लेंगे। जानकारी है कि नक़वी भारतीय खिलाड़ियों के इस कदम से नाराज़ हैं, लेकिन यदि पहले से तय प्रोटोकॉल बनता है, तो वह सहमत हो सकते हैं।


आईसीसी में भी गूंजा विवाद

इसी बीच, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी। आईसीसी ने फिलहाल पाकिस्तान बनाम यूएई मैच में रिची रिचर्डसन को जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, आगे के चरणों में पाइक्रॉफ्ट की भूमिका पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।