कैनबरा | 25 जनवरी 2026
ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑस्ट्रेलियन ऑफ द ईयर 2026’ से देश की पहली आधिकारिक अंतरिक्ष यात्री कैथरीन बेनेल-पेग को सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार कैनबरा में आयोजित भव्य समारोह में घोषित किया गया।
दक्षिण ऑस्ट्रेलिया से ताल्लुक रखने वाली कैथरीन बेनेल-पेग ने वर्ष 2024 में जर्मनी स्थित यूरोपीय अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण केंद्र से स्नातक किया था। उन्होंने 22,500 से अधिक उम्मीदवारों के बीच चयनित होकर इतिहास रचा और ऑस्ट्रेलियाई झंडे के तहत अंतरिक्ष यात्री बनने वाली पहली व्यक्ति बनीं।
पुरस्कार स्वीकार करते हुए कैथरीन ने उस भावुक क्षण को याद किया जब उन्होंने पहली बार ऑस्ट्रेलियाई प्रतीक वाली नीली अंतरिक्ष पोशाक पहनी थी।
उन्होंने कहा,
“वह पल सिर्फ मेरा नहीं था। वह इस बात का संकेत था कि अब ऑस्ट्रेलिया भी मानव उपलब्धियों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में और भी ऑस्ट्रेलियाई झंडे अंतरिक्ष सूट पर दिखेंगे।”
कैथरीन ने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि वह अक्सर अपने घर के आंगन में लेटकर तारों को निहारती थीं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के आदिवासी समुदायों की ‘स्काई कंट्री’ से गहरी जुड़ाव की परंपरा इस बात की याद दिलाती है कि आकाश की ओर देखना इस महाद्वीप की पहचान का हिस्सा रहा है।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जब उन्होंने अंतरिक्ष यात्री बनने का सपना देखा था, तब ऑस्ट्रेलिया के पास न तो कोई अंतरिक्ष एजेंसी थी और न ही इस दिशा में कोई स्पष्ट मार्ग।
“मुझे अपने सपनों को पूरा करने के लिए विदेश जाना पड़ा। लेकिन वहां जो अनुभव और ज्ञान मिला, उसे मैं आज ऑस्ट्रेलिया के अंतरिक्ष क्षेत्र के विकास में लगा रही हूं,” उन्होंने कहा।
कैथरीन बेनेल-पेग को ऑस्ट्रेलिया के उभरते अंतरिक्ष कार्यक्रम की अग्रदूत माना जाता है। उन्होंने कई अंतरिक्ष अभियानों और तकनीकों के विकास में अहम भूमिका निभाई है और विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग व गणित (STEM) क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी की मुखर समर्थक रही हैं।