गोल्ड कोस्ट के साउथपोर्ट क्षेत्र में एक नया 101-मंज़िला गगनचुंबी इमारत प्रस्तावित की गई है, जो ऑस्ट्रेलिया की वर्तमान सबसे ऊंची इमारत Q1 को भी पीछे छोड़ देगी। इस इमारत की ऊँचाई 400 मीटर होगी और इसे ‘वन पार्क लेन’ नाम दिया गया है।
यह परियोजना पहली बार वर्ष 2022 में प्रस्तावित की गई थी, लेकिन राज्य सरकार के साथ एक लेनवे को लेकर चल रही बातचीत के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। अब इस परियोजना के लिए संशोधित डेवलपमेंट एप्लिकेशन दाखिल की गई है, जिससे साउथपोर्ट CBD (सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट) के भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं।
इस भव्य परियोजना के तहत दो टावर प्रस्तावित हैं — एक मुख्य आवासीय टावर जिसकी ऊँचाई 101 मंज़िल होगी, और दूसरा 60 मंज़िला वाणिज्यिक (कमर्शियल) टावर। दोनों इमारतों को एक पुल के ज़रिये जोड़ा जाएगा।
वन पार्क लेन डेवलपमेंट्स के मैट जस्टम ने कहा,
“साउथपोर्ट को जीवन देने के लिए जिस चीज़ की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है, वह है आधुनिक रिहायशी और व्यावसायिक स्थान — और यही यह परियोजना प्रदान करेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह विकास "पार्क लेन के इस छोर को एकीकृत करेगा, जिसमें सड़क के एक ओर आवासीय टावर और दूसरी ओर वाणिज्यिक टावर होगा।"
यदि यह परियोजना स्वीकृति पाती है, तो यह ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची संरचना बन जाएगी, और गोल्ड कोस्ट के स्काईलाइन को एक नई पहचान देगी।