बैंकॉक/ब्रिसबेन – ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित वकील और ब्रिसबेन स्थित GLG लीगल के सीईओ क्रिस्टोफर सैन्स की थाईलैंड में एक मसाज पार्लर के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्रिस्टोफर सैन्स थाईलैंड की यात्रा पर थे और एक मसाज पार्लर में रात बिताई। वहां कार्यरत एक मसाजकर्मी ने बताया कि तड़के 4 बजे तक वह उनकी खर्राटों की आवाज़ सुन पा रही थीं, जिससे प्रतीत हो रहा था कि वह गहरी नींद में हैं।
हालांकि, जब कुछ घंटों बाद स्टाफ उन्हें जगाने पहुंचा तो वे अचेत अवस्था में पाए गए और बाद में उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। मौके से सफेद रंग का एक पाउडर भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
थाई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक तौर पर यह मामला संदिग्ध लग रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्रिस्टोफर सैन्स ऑस्ट्रेलिया के कानूनी क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थे। उनकी अचानक हुई मृत्यु से ब्रिसबेन के कानूनी और कारोबारी समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।