ऑस्ट्रेलियाई रैपर चिलिनिट शो से पहले गिरफ्तार, बोले—‘शराब मेरी सबसे बड़ी गलती रही’

ऑस्ट्रेलियाई रैपर चिलिनिट शो से पहले गिरफ्तार, बोले—‘शराब मेरी सबसे बड़ी गलती रही’

ऑस्ट्रेलिया के चर्चित रैपर Chillinit ने अपने एक लाइव कॉन्सर्ट से ठीक पहले हुई गिरफ्तारी पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। रैपर ने स्वीकार किया कि घटना के पीछे शराब का सेवन मुख्य वजह था और उन्होंने अपने प्रशंसकों से माफी मांगी है।

सिडनी के रहने वाले चिलिनिट (असल नाम ब्लेक टर्नेल, उम्र 31 वर्ष) को 2 जनवरी को न्यू साउथ वेल्स के इवांस हेड स्थित क्लब इवांस आरएसएल में गिरफ्तार किया गया। वह वहां अपने ‘ऑल ऑस्ट्रेलियन एडवेंचर्स’ नेशनल टूर के तहत प्रस्तुति देने वाले थे। गिरफ्तारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह पुलिस से बहस करते और यह कहते सुने गए कि उन्हें शो करना है।

पुलिस ने चिलिनिट पर परिसर छोड़ने के निर्देश का पालन न करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी के काम में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में उन्हें अगले महीने अदालत में पेश होना है।

घटना के बाद क्लब प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा कि शो रद्द होने से वे बेहद निराश हैं और यह स्थिति उनके नियंत्रण से बाहर थी।

रैपर ने अपने बयान में कहा कि वह उस रात करीब छह घंटे की घटनाएं याद नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने माना कि लंबे समय से शराब की लत से जूझने के बाद उन्होंने दोबारा शराब पी, जो उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई।
उन्होंने कहा, “मैं खुद को पीड़ित नहीं मानता। शराब कोई बहाना नहीं है। मुझे और बेहतर करना होगा।”

सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने ‘अंतिम बयान’ में चिलिनिट ने कहा कि मीडिया में आई खबरों का केवल एक हिस्सा ही सही है और लोगों से आग्रह किया कि वायरल वीडियो के आधार पर उनके पूरे व्यक्तित्व का आकलन न करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब उनका पूरा ध्यान फिर से संगीत और sobriety (नशामुक्ति) पर रहेगा।

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब चिलिनिट कानूनी विवादों में फंसे हों। इससे पहले 2021 में कोविड प्रतिबंधों के दौरान मास्क न पहनने और 2019 में ड्राइविंग प्रतिबंध के बावजूद कार चलाकर दुर्घटना के बाद मौके से भागने के मामले में भी उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है।

फिलहाल चिलिनिट ने कहा है कि वह इस घटना को पीछे छोड़कर अपने टूर को जारी रखना चाहते हैं। उनका अगला शो 9 जनवरी को उल्लाडुल्ला में प्रस्तावित है।