बॉन्डी बीच हमला: पिता–पुत्र निकले हमलावर, 16 की मौत, आतंकी घटना घोषित

बॉन्डी बीच हमला: पिता–पुत्र निकले हमलावर, 16 की मौत, आतंकी घटना घोषित

सिडनी, 15 दिसंबर 2025
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर रविवार शाम हुए भीषण गोलीकांड में अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने इस हमले को आतंकी घटना घोषित करते हुए पुष्टि की है कि हमलावर पिता और पुत्र थे।

पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय नवीद अकरम और उनके 50 वर्षीय पिता ने रविवार शाम करीब 7 बजे बॉन्डी बीच पर आयोजित एक यहूदी हनुक्का कार्यक्रम के दौरान अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के दौरान समुद्र तट पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए।

पुलिस मुठभेड़ में 50 वर्षीय आरोपी को मौके पर ही मार गिराया गया, जबकि नवीद अकरम को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में गिरफ्तार किया गया है।

सोमवार सुबह तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई, जिनमें 10 वर्षीय बच्ची और 40 वर्षीय व्यक्ति भी शामिल हैं, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की उम्र 10 से 87 वर्ष के बीच है।

इस हमले में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें से पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। ड्यूटी पर मौजूद दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर है।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन कई यहूदी संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। बॉन्डी बीच क्षेत्र को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक जांच जारी है।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “घृणित यहूदी-विरोधी आतंकवाद” करार दिया। उन्होंने कहा,
“यह हमारी जीवनशैली पर हमला है। ऑस्ट्रेलिया में नफरत, हिंसा और आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। हम इसे जड़ से खत्म करेंगे।”

पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। मामले की जांच आतंकवाद-रोधी इकाइयों द्वारा की जा रही है।