स्टॉकटन (अमेरिका)। अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की भीषण घटना सामने आई है। कैलिफोर्निया के स्टॉकटन शहर में शनिवार देर रात एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में दो बच्चे और दो वयस्क शामिल बताए जा रहे हैं।
सैन जाओकिन काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, घटना स्टॉकटन के लुसिले एवेन्यू के 1900 ब्लॉक में स्थित एक बैंक्वेट हॉल के भीतर हुई। पार्टी चल रही थी, तभी अचानक हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावरों ने लोगों को निशाना बनाकर गोली मारी। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारी सभी कोणों से जांच कर रहे हैं और मौके से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।
स्टॉकटन के उप-मेयर जेसन ली ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद हृदयविदारक है कि एक बच्चे के जन्मदिन समारोह जैसा खुशियों भरा मौका खून-खराबे में बदल गया। उन्होंने बताया कि वह स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।
गोलीबारी के बाद पुलिस ने एहतियातन इलाके की घेराबंदी कर दी है और बैंक्वेट हॉल के आसपास की कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। स्थानीय निवासियों से क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई है।
पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।