लद्दाख हिंसा पर केंद्र ने सोनम वांगचुक को ठहराया जिम्मेदार

अरब स्प्रिंग और नेपाल Gen Z आंदोलन का हवाला देकर लोगों को भड़काने का आरोप

लद्दाख हिंसा पर केंद्र ने सोनम वांगचुक को ठहराया जिम्मेदार

लद्दाख में हालिया हिंसा को लेकर केंद्र सरकार ने पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जिम्मेदार ठहराया है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि वांगचुक ने अपने भाषणों और बयानों में अरब स्प्रिंग तथा नेपाल के Gen Z आंदोलन का उल्लेख कर युवाओं को भड़काया। मंत्रालय का दावा है कि इन्हीं बयानों से हालात बिगड़े और इलाके में तनाव और हिंसा फैल गई।

वांगचुक बीते दिनों केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को विशेष संवैधानिक सुरक्षा देने और स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनके आंदोलन को लेह और कारगिल दोनों जिलों में बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिक संगठनों का समर्थन मिला।

गृह मंत्रालय ने कहा कि वांगचुक की अपील के चलते प्रदर्शनकारियों की भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई और झड़पों की स्थिति पैदा हुई। मंत्रालय के मुताबिक, "लद्दाख में जो कुछ हुआ, वह किसी स्वतःस्फूर्त घटना का नतीजा नहीं था, बल्कि योजनाबद्ध ढंग से माहौल गर्माने की कोशिश की गई।"

दूसरी ओर, वांगचुक ने हिंसा की जिम्मेदारी से खुद को अलग करते हुए कहा है कि उनका आंदोलन पूरी तरह अहिंसक था और वह संविधान के दायरे में रहकर ही अपनी मांगें उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने के लिए झूठे आरोप लगा रही है।

लद्दाख में बीते दिनों हिंसक झड़पों में कई लोग घायल हुए और प्रशासन को कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लगानी पड़ीं। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं।