पश्चिम ऑस्ट्रेलिया की सियासी भूचाल: सिटी ऑफ़ नेडलैंड्स काउंसिल बर्खास्त, तीन आयुक्तों की नियुक्ति

पश्चिम ऑस्ट्रेलिया की सियासी भूचाल: सिटी ऑफ़ नेडलैंड्स काउंसिल बर्खास्त, तीन आयुक्तों की नियुक्ति

पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के पर्थ स्थित ‘सिटी ऑफ़ नेडलैंड्स’ की पूरी काउंसिल को बर्खास्त कर दिया गया है और उनकी जगह तीन आयुक्तों की नियुक्ति की गई है। यह कड़ा फैसला राज्य की स्थानीय सरकार मंत्री हन्ना बीज़ली ने तब लिया जब काउंसिल के चार सदस्य अचानक इस्तीफा देकर चले गए, जिससे काउंसिल में निर्णय लेने के लिए जरूरी कोरम ही नहीं बचा।

बर्खास्त की गई मेयर फियोना आर्गाइल और काउंसिल लंबे समय से अंदरूनी विवादों और निर्णयहीनता का सामना कर रही थी। सोमवार को जिन चार पार्षदों — फर्गस बेनेट, नोएल यंगमैन, बेन हॉडसन और हेंगामेह अमीरी — ने इस्तीफा दिया, वे सभी लंबे समय से चल रहे मतभेदों और अव्यवस्था से परेशान थे।

पूर्व पार्षद फर्गस बेनेट, जो 23 वर्षों से परिषद में सेवा दे रहे थे, ने एक स्थानीय रेडियो चैनल 6PR से कहा, “मैंने समुदाय के लिए सकारात्मक काम करने की पूरी कोशिश की, लेकिन मेरी बात को कभी गंभीरता से नहीं लिया गया। अब आगे बढ़ने का समय है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि काउंसिल की बैठकों में नियमों की अनदेखी होती थी और जब कोई पार्षद सवाल करता तो उसे ‘स्त्रीविरोधी’ बताकर चुप करा दिया जाता।

इस्तीफों के बाद, ABC पर्थ को दिए एक इंटरव्यू में मेयर फियोना आर्गाइल ने इस स्थिति को “शानदार दिन” बताया और इस बात पर ज़ोर दिया कि वह 1970 के दशक के बाद सबसे लोकप्रिय रूप से चुनी गई मेयर हैं।

उन्होंने कहा, “मैं एक वैश्विक सोच वाली महिला हूं, जिसके पास तीन विश्वविद्यालय डिग्रियों के बराबर शिक्षा है और मैं दो भाषाएं बोल सकती हूं।”

मेयर आर्गाइल राज्य सरकार के उस प्रस्ताव का भी विरोध कर रही थीं जिसमें स्वानबोर्न बीच के पास क्लास ए रिजर्व ज़मीन पर बच्चों के लिए एक हॉस्पिस और पार्क बनाने की योजना थी।

अब पूरे शहर की प्रशासनिक जिम्मेदारी तीन आयुक्तों के कंधों पर होगी, जिन्हें राज्य सरकार ने नियुक्त किया है, ताकि नेडलैंड्स की प्रशासनिक स्थिति को स्थिर किया जा सके और जनता की भलाई के फैसले बिना राजनीतिक गतिरोध के लिए जा सकें।