सिडनी के पश्चिमी हिस्से का प्रमुख केंद्र, सिटी ऑफ पैरामट्टा, ने हाल ही में दो महत्वपूर्ण सम्मान हासिल किए हैं। लोकल गवर्नमेंट NSW (LGNSW) अवार्ड्स में परिषद को योजना और संस्कृति श्रेणियों में विजेता घोषित किया गया।
प्लानिंग अवार्ड – ‘पैरामट्टा 2050’ विजन डॉक्यूमेंट
परिषद को ‘पैरामट्टा 2050’ नामक अपने वैश्विक विजन दस्तावेज़ के लिए LGNSW प्लानिंग अवार्ड मिला। यह विजन, जिसे 2024 में अपनाया गया, आने वाले दशकों में पैरामट्टा को एक वैश्विक ताकत और विश्व मंच पर अग्रणी शहर बनाने की रूपरेखा तय करता है। इसमें शहर के प्रमुख स्थानों, दिशा-निर्देशों और पहलुओं की पहचान की गई है जो विकास को गति देंगे।
आर्ट्स एंड कल्चर अवार्ड – ‘एब एंड फ्लो’ आर्टवर्क
संस्कृति श्रेणी में पुरस्कार ‘एब एंड फ्लो’ नामक पब्लिक आर्टवर्क को मिला, जिसे चार्ल्स स्ट्रीट स्क्वायर में स्थापित किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई कलाकार क्रेग वॉल्श द्वारा निर्मित यह डिजिटल प्रोजेक्शन आर्टवर्क, पैरामट्टा फेरी टर्मिनल के पास चट्टानों पर रात में जीवंत दृश्य प्रस्तुत करता है, जिसमें शहर की समृद्ध विरासत और इतिहास को दर्शाया गया है। यह कला-स्थापना 2024 के अंत में पूरी हुई और स्थानीय समुदाय द्वारा बेहद सराही गई।
मेयर की प्रतिक्रिया
पैरामट्टा के लॉर्ड मेयर क्रि. मार्टिन ज़ैटर ने इन उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा,
“मैं एक ऐसी परिषद का नेतृत्व कर रहा हूं जिसके पास स्पष्ट विजन और वैश्विक महत्वाकांक्षाएं हैं। यह उपलब्धि हमारे स्टाफ की मेहनत और समर्पण के बिना संभव नहीं थी। पैरामट्टा अब संस्कृति और रचनात्मकता का केंद्र बनता जा रहा है।”
इन उपलब्धियों के साथ पैरामट्टा न केवल सिडनी बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।