डिज़्नी क्रूज़ लाइन का ऑस्ट्रेलिया से सफ़र खत्म, अगले सीज़न में नहीं लौटेगा ‘डिज़्नी वंडर’

डिज़्नी क्रूज़ लाइन का ऑस्ट्रेलिया से सफ़र खत्म, अगले सीज़न में नहीं लौटेगा ‘डिज़्नी वंडर’

सिडनी। दुनिया भर में अपने शानदार और पारिवारिक क्रूज़ अनुभव के लिए मशहूर डिज़्नी क्रूज़ लाइन ने ऑस्ट्रेलियाई जलक्षेत्र से विदाई का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि फरवरी 2026 के बाद ‘डिज़्नी वंडर’ जहाज़ ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में नहीं चलेगा।

डिज़्नी क्रूज़ लाइन के शोरसाइड गेस्ट सर्विसेज़ टीम के ट्रिस्टन ने बताया, “हम फरवरी 2026 तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में संचालन जारी रखेंगे। 2026-27 सीज़न में हम यहां नहीं लौटेंगे। हालांकि, भविष्य में इन गंतव्यों पर लौटने की संभावना बनी रहेगी।”

यह कदम ऑस्ट्रेलियाई क्रूज़ इंडस्ट्री के लिए दूसरी बड़ी हलचल है। इससे पहले इस साल P&O के जहाज़ों को कार्निवल ब्रांड में रीब्रांड किया गया था।

महंगे किराए बने रोड़ा
क्रूज़ विशेषज्ञ और लोकप्रिय ब्लॉग ‘द क्रूज़ एंड ट्रैवल गाय’ के एड्रियन टासोन का मानना है कि ऊंचे किराए ने ऑस्ट्रेलियाई यात्रियों को दूर किया। उन्होंने कहा कि डिज़्नी का किराया स्थानीय क्रूज़ कंपनियों से कहीं अधिक था। उदाहरण के तौर पर, सिडनी से होबार्ट की 4 रातों की यात्रा के लिए बालकनी केबिन का किराया लगभग 4,992 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर है, जबकि कार्निवल लाइन 5 रातों का सफर लगभग 2,008 डॉलर में देती है।

एड्रियन का कहना है कि डिज़्नी जहाज़ अक्सर बीच में किसी गंतव्य पर रुकते नहीं, बल्कि जहाज़ को ही अनुभव का केंद्र मानते हैं। यह मॉडल ऑस्ट्रेलियाई बाज़ार में उतना लोकप्रिय नहीं हो सका।

संकेत पहले से मिल चुके थे
हाल ही में ‘डिज़्नी वंडर’ का नाम सिडनी, मेलबर्न और ब्रिस्बेन के क्रूज़ शेड्यूल से हटाए जाने के बाद कयास तेज़ हो गए थे। साथ ही, लंबे समय तक टिकटों पर छूट मिलने लगी, जो डिज़्नी के लिए असामान्य है।

कई प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर निराशा जताई। एक ने लिखा, “यह बहुत दुखद है, लेकिन आश्चर्य नहीं।”

फिलहाल, डिज़्नी का यह विदाई सफर फरवरी 2026 तक जारी रहेगा, जिसके बाद ‘डिज़्नी वंडर’ अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर रवाना हो जाएगा।