सिडनी के पश्चिमी उपनगर माउंट ड्रुइट में बुधवार देर रात हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका हमउम्र साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे नॉर्थ परेड स्थित बस इंटरचेंज पर हुई। वहां मौजूद लोगों की सूचना पर जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो दोनों युवकों को खून से लथपथ पाया गया।
घटनास्थल पर मौजूद एक युवक को सीने में चाकू के गहरे घाव लगे थे। पैरामेडिक टीम ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया। दूसरा युवक हाथ में चोट के साथ मिला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या विभाग (Homicide Squad) की टीम भी इसमें सहयोग कर रही है। फिलहाल हमलावर की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने इस वारदात को देखा है या इससे जुड़ी कोई भी जानकारी है, तो तुरंत क्राइम स्टॉपर्स से संपर्क करें।