प्रो-पैलेस्टाइन मार्च को लेकर सिडनी हार्बर ब्रिज पर विवाद – पाँच लेबर सांसदों और 10 क्रॉसबेंचर्स ने किया समर्थन

प्रो-पैलेस्टाइन मार्च को लेकर सिडनी हार्बर ब्रिज पर विवाद – पाँच लेबर सांसदों और 10 क्रॉसबेंचर्स ने किया समर्थन

सिडनी: सिडनी हार्बर ब्रिज पर प्रस्तावित "मार्च फॉर ह्यूमैनिटी एंड पैलेस्टाइन" को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पाँच लेबर पार्टी के सांसदों ने पार्टी लाइन से हटते हुए मार्च के समर्थन में बयान दिया है और 10 क्रॉसबेंच नेताओं के साथ मिलकर सरकार से इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन को अनुमति देने की अपील की है।

प्रदर्शन के आयोजक "पैलेस्टाइन एक्शन ग्रुप" के जोश लीस को शुक्रवार को न्यू साउथ वेल्स सुप्रीम कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहाँ पुलिस इस मार्च को रोकने की कोशिश करेगी। पुलिस का तर्क है कि यह आयोजन अव्यवस्था फैला सकता है और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा है।

वहीं, लेबर सांसद कैमरन मर्फी, सारा केन, लिंडा वोल्ट्ज़, एंथनी डैडम और स्टीफन लॉरेंस ने गुरुवार रात इस मार्च का समर्थन करते हुए कहा कि वे इसमें शामिल होंगे। उनके साथ स्वतंत्र सांसद एलेक्स ग्रिनविच और ग्रीन्स पार्टी की एमएलसी अबीगेल बॉयड और जेनी लिओंग सहित अन्य नेताओं ने भी एकजुटता दिखाई है।

इन नेताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा:

“हम ग़ज़ा में हो रही विनाश और फ़िलिस्तीनी लोगों के खिलाफ चल रहे भुखमरी अभियान के खिलाफ आवाज़ उठाने के अधिकार में विश्वास रखते हैं। हम शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का समर्थन करते हैं और सरकार से अपील करते हैं कि आयोजकों के साथ मिलकर एक सुरक्षित और व्यवस्थित मार्च को संभव बनाए।”

हालांकि, न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिंस ने इस मार्च की आलोचना करते हुए कहा कि यदि इसे अनुमति दी गई तो सिडनी में “अराजकता” फैल सकती है।

अब अदालत का फैसला यह तय करेगा कि यह मार्च रविवार को होगा या नहीं। लेकिन इससे पहले ही यह मामला राजनीतिक मोर्चेबंदी का रूप ले चुका है।