फॉरेंसिक हॉस्पिटल का ‘बुंडलीर प्रोजेक्ट’ अब रैंडविक तक फैला, नई साझेदारी से बढ़ेगा पर्यावरण व सांस्कृतिक जुड़ाव

फॉरेंसिक हॉस्पिटल का ‘बुंडलीर प्रोजेक्ट’ अब रैंडविक तक फैला, नई साझेदारी से बढ़ेगा पर्यावरण व सांस्कृतिक जुड़ाव

सिडनी के मालाबार स्थित जस्टिस हेल्थ NSW के फॉरेंसिक हॉस्पिटल में चल रहा फर्स्ट नेशंस सस्टेनेबिलिटी प्रोग्राम अब सिडनी के पूर्वी इलाकों में भी अपनी जड़ें जमा रहा है। नवंबर 2024 में शुरू हुआ ‘बुंडलीर प्रोजेक्ट’ अब रैंडविक सिटी काउंसिल की साझेदारी में और विस्तार पा रहा है।

यह परियोजना न केवल स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मज़बूत कर रही है, बल्कि अस्पताल के पर्यावरणीय प्रभाव को भी कम कर रही है और मरीज़ों के पुनर्वास में मददगार बन रही है। यहां मरीज़ अस्पताल परिसर में ही देशी पौधों और पारंपरिक झाड़ियों की खेती करते हैं।

नई साझेदारी के तहत हर महीने स्थानीय नागरिकता समारोह में 150 पौधे नए नागरिकों को भेंट किए जाएंगे। इन पौधों को अस्पताल के मरीज़ स्वयं पैक करेंगे और उनके साथ पौधों की प्रजाति, देखभाल की ज़रूरत और परियोजना की जानकारी वाला विशेष लेबल भी लगाया जाएगा।

फॉरेंसिक मानसिक स्वास्थ्य की जनरल मैनेजर डॉ. विंद्य नानायक्कारा ने कहा,

“लगभग 16% मरीज़ आदिवासी पृष्ठभूमि से हैं। यह प्रोजेक्ट सांस्कृतिक जुड़ाव को मज़बूती देता है, मरीज़ों को व्यावहारिक काम में जोड़ता है और उनके स्वस्थ होने की प्रक्रिया को सहारा देता है। नई साझेदारी से हमें गर्व है कि हमारे मरीज़ों द्वारा उगाए गए पौधे अब नए ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों तक पहुंचेंगे।”

रैंडविक सिटी काउंसिल के मेयर डिलन पार्कर ने कहा,

“हम फर्स्ट नेशंस लोगों के प्रयासों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि वे आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से मज़बूत समुदाय बना सकें। बुंडलीर प्रोजेक्ट से उपजे पौधे नए नागरिकों के लिए धरती का एक जीवंत उपहार और जुड़ाव की कहानी हैं।”

यह परियोजना लापेरूज़ स्थित आदिवासी कंपनी इंडिजीग्रो के सहयोग से चलाई जा रही है। फर्स्ट नेशंस के मरीज़ पखवाड़े में एक बार प्रशिक्षण पाते हैं, जिसमें वे बुज़ुर्गों से मिली पारंपरिक तकनीकों से पौधे उगाना सीखते हैं।

शुरूआत से अब तक मरीज़ 4,000 से अधिक देशी पौधे उगा चुके हैं, जिनमें वॉटल, रोज़ेला और विलुप्तप्राय ‘ईस्टर्न सबर्ब्स बैंक्सिया स्क्रब’ शामिल हैं। इनमें से 500 से अधिक पौधे स्थानीय स्कूलों को दान किए जा चुके हैं या फिर प्राकृतिक वातावरण में वापस लगाए गए हैं।

NSW हेल्थ सस्टेनेबल फ्यूचर्स इनोवेशन फंड से मिले 25,000 डॉलर की मदद से परियोजना में ग्रीनहाउस, शेड हाउस, बागवानी उपकरण, पंप के साथ वर्षा जल टैंक और देशी बिना डंक वाली मधुमक्खियों का छत्ता भी स्थापित किया गया है।