ऑस्ट्रेलियाई हर साल सब्सक्रिप्शन पर गंवा रहे हैं हजारों रुपये

ऑस्ट्रेलियाई हर साल सब्सक्रिप्शन पर गंवा रहे हैं हजारों रुपये

सिडनी। महंगाई और बढ़ती ब्याज दरों की मार झेल रहे ऑस्ट्रेलियाई उपभोक्ता अनजाने में हर साल सैकड़ों डॉलर ऐसे सब्सक्रिप्शन पर खर्च कर रहे हैं, जिनका वे इस्तेमाल तक नहीं करते। वेस्टपैक बैंक की ताज़ा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि हर 10 में से तीन ऑस्ट्रेलियाई लोग केवल डुप्लीकेट और भूले-बिसरे ऐप्स पर ही करीब 600 डॉलर सालाना गंवा रहे हैं।

अनुमान से ज्यादा खर्च

रिपोर्ट के मुताबिक, उपभोक्ता अपनी सोच से औसतन 20 प्रतिशत अधिक राशि सब्सक्रिप्शन पर खर्च कर रहे हैं। यह लगभग 14 डॉलर प्रति माह यानी 168 डॉलर सालाना अतिरिक्त बोझ है। वेस्टपैक की कार्यकारी सीईओ (कंज़्यूमर) कैरोलिन मैककैन ने कहा कि “सुविधा की चाह में लोग आसानी से इन सेवाओं के लिए भुगतान कर देते हैं, लेकिन असल में ये खर्च उनकी जेब से चुपचाप निकल रहा है।”

कैंसिल न करने की आदत बन रही नुकसानदायक

अधिकांश लोग मुफ्त ट्रायल खत्म होने के बाद सेवा रद्द नहीं करते और पैसा खाते से कटता रहता है। करीब एक तिहाई उपभोक्ता मानते हैं कि कई सेवाओं को कैंसिल करना बेहद मुश्किल होता है। लगभग उतनी ही संख्या ने कहा कि वे किसी भूले हुए सब्सक्रिप्शन के लिए भुगतान कर रहे थे।

सबसे ज्यादा खर्च गेमिंग पर

सबसे बड़ा खर्च गेमिंग सेवाओं पर हो रहा है – औसतन 55.50 डॉलर प्रति माह (यानी 666 डॉलर सालाना)। इसके बाद वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाओं पर 21.63 डॉलर प्रति माह (260 डॉलर सालाना) और म्यूज़िक ऐप्स पर 16.98 डॉलर प्रति माह (204 डॉलर सालाना) खर्च हो रहा है।

खाने-पीने पर भी भारी खर्च

वेस्टपैक ने यह भी पाया कि ग्राहक हर साल औसतन 2200 डॉलर सिर्फ टेकअवे फूड पर खर्च कर रहे हैं। यानी जीवन आसान बनाने के नाम पर लोग खाने और डिजिटल सेवाओं पर खूब पैसा बहा रहे हैं।

कीमतें लगातार बढ़ रहीं

स्ट्रीमिंग कंपनियां जैसे नेटफ्लिक्स और स्पॉटिफाई लगातार कीमतें बढ़ा रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल की तुलना में 11.3 प्रतिशत ज्यादा यानी औसतन 141 डॉलर सालाना अतिरिक्त खर्च सब्सक्रिप्शन पर हो रहा है।

बचत की गुंजाइश

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि लोग अनावश्यक सेवाएं रद्द कर दें तो वे सालाना सैकड़ों डॉलर बचा सकते हैं। यह रकम परिवार के अन्य ज़रूरी खर्चों या बचत योजनाओं में लगाई जा सकती है।