सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट इन दिनों एक अलग ही कारण से चर्चा में हैं। दस वर्ष पहले देश की कमान संभालने वाले एबॉट को हाल ही में सिडनी के सीबीडी (सेंट्रल बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट) स्थित एक कार पार्क में लोगों की मदद करते हुए देखा गया।
इंस्टाग्राम पेज Humans of Eastwood Daily पर साझा किए गए एक वीडियो में एबॉट को शर्ट और टाई पहने, कार पार्क के बूम गेट को हाथ से उठाकर वाहनों को बाहर निकलने में मदद करते देखा गया। बताया जा रहा है कि यह घटना किंग स्ट्रीट स्थित थिएटर रॉयल सिडनी के नीचे बने पार्किंग क्षेत्र की है, और फुटेज जून महीने का है। उस समय थिएटर में मशहूर कैट्स द म्यूज़िकल का 40वीं वर्षगांठ विशेष शो चल रहा था।
शो खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में लोग एक साथ पार्किंग से बाहर निकलने लगे, जिससे ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान बूम गेट खराब हो गया और गाड़ियां फंस गईं। हालात देखते ही एबॉट ने आगे बढ़कर गेट पकड़ लिया और तब तक खड़े रहे जब तक सभी वाहन आसानी से बाहर नहीं निकल गए।
टोनी एबॉट 1994 से 2019 तक सिडनी की वारिंगा सीट से सांसद रहे। वे 2009 से 2015 तक लिबरल पार्टी के नेता रहे और 2013 के आम चुनाव में भारी बहुमत से सरकार बनाई थी। हालांकि 2015 में पार्टी नेतृत्व बदलने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा। राजनीति से परे, एबॉट न्यू साउथ वेल्स रूरल फायर सर्विस के वॉलंटियर फायरफाइटर के रूप में भी सेवा देते हैं।