मॉस्को/उफा। रूस के बशकोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में शनिवार को चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई। इस हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए। घटना से विश्वविद्यालय परिसर और प्रवासी छात्रों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय एक किशोर चाकू लेकर विश्वविद्यालय के छात्रावास में घुसा और वहां रह रहे छात्रों पर अचानक हमला कर दिया। हमले में कई छात्र घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
रूस के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने दो पुलिस अधिकारियों पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। गिरफ्तारी का विरोध करते हुए आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया, जिसे स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारतीय दूतावास ने घटना पर चिंता जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। दूतावास ने कहा कि वह घायल भारतीय छात्रों के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रावास और विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हमले के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।