सिडनी – ऑस्ट्रेलिया के सिडनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा सुरक्षा बल (Australian Border Force - ABF) को एक फ्रेंच नागरिक के बैग की तलाशी के दौरान चौंकाने वाली चीज़ मिली। 20 वर्षीय युवक के लगेज में अधिकारियों ने करीब 22 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामिन (आइस) बरामद की, जिसकी बाजार में कीमत 20 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 110 करोड़ रुपये) आंकी गई है।
सीमा अधिकारियों द्वारा जब्त की गई यह ड्रग्स 22 वैक्यूम-सील बैगों में पैक थी। इसके बाद मामला तुरंत ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस (AFP) को सौंप दिया गया।
AFP ने युवक पर दो गंभीर मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित आपराधिक मामलों में आरोप लगाए हैं, जिनमें दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। आरोपी पहले ही डाउनिंग सेंटर कोर्ट में पेश हो चुका है और उसे अगली बार 16 सितंबर को अदालत में पेश किया जाएगा।
AFP के डिटेक्टिव सुपरीटेंडेंट मोर्गन ब्लंडन ने कहा, "यह अपराध पीड़ित-विहीन नहीं है। ऐसे ड्रग्स समाज में हिंसा, लत और संगठित अपराध को बढ़ावा देते हैं। हर किलो जब्त किया गया मादक पदार्थ उन अपराधी नेटवर्क्स को कमजोर करता है जो आम जनता को नुकसान पहुंचाकर मुनाफा कमाते हैं।"
ABF सुपरीटेंडेंट एल्के वेस्ट ने कहा, "सीमा सुरक्षा अधिकारी हमारी पहली सुरक्षा पंक्ति हैं। हम हर समय सतर्क रहते हैं ताकि इस तरह के गैरकानूनी कामों को रोका जा सके और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।"
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि ऑस्ट्रेलिया मादक पदार्थ तस्करों के लिए कोई आसान लक्ष्य नहीं है, और स्थानीय एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय कर ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हैं।