जयपुर। राजस्थान की धरती ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 प्रतियोगिता में गंगानगर की रहने वाली मनिका विश्वकर्मा ने ताज अपने नाम कर लिया। चमचमाती रोशनी, तालियों की गूंज और उत्साह से भरे मंच पर जैसे ही विजेता का ऐलान हुआ, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मनिका मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर की निवासी हैं और बीते कुछ वर्षों से दिल्ली में मॉडलिंग की दुनिया में सक्रिय हैं। इससे पहले वह मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का खिताब भी जीत चुकी हैं। मेहनत, आत्मविश्वास और आकर्षक व्यक्तित्व के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर अपना परचम लहराया।
इस जीत के साथ ही मनिका अब इस साल के अंत में थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। देश भर की नजरें अब उन पर टिकी हैं कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी तिरंगा फहराकर लौटें।
खिताब जीतने के बाद मनिका ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पल उनके लिए सपनों से बढ़कर है। उन्होंने अपने मेंटर्स, परिवार और समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और सहयोग के बिना यह मुकाम पाना संभव नहीं था।
👉 राजस्थान की इस बेटी की जीत ने प्रदेश ही नहीं, पूरे देश को गर्व से भर दिया है। अब सबकी उम्मीदें हैं कि मनिका थाईलैंड में भी अपनी सुंदरता, बुद्धिमत्ता और आत्मविश्वास से भारत का नाम रोशन करेंगी।