रश्मि देसाई का गुजराती नाटक अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर, अमेरिका में होगा भव्य प्रदर्शन

रश्मि देसाई का गुजराती नाटक अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर, अमेरिका में होगा भव्य प्रदर्शन

मुंबई। भारतीय थिएटर जगत में अभिनेत्री रश्मि देसाई एक नई पहचान गढ़ती नजर आ रही हैं। भारत में शानदार सफलता हासिल करने के बाद उनका चर्चित गुजराती नाटक अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर कदम रखने जा रहा है। 100 से अधिक सफल प्रस्तुतियों के साथ यह नाटक अब अमेरिका के प्रमुख शहरों—बोस्टन, न्यू जर्सी और अटलांटा—में मंचित किया जाएगा।

इस नाटक का निर्माण आसिफ पटेल ने किया है। शुरुआत में इसे केवल 20 शो तक सीमित रखने की योजना थी, लेकिन दर्शकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स के चलते इसके शो लगातार बढ़ते गए। भावनात्मक कहानी, मजबूत पटकथा और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने इस नाटक को दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया है।

अपने इस अंतरराष्ट्रीय सफर को लेकर रश्मि देसाई ने कहा कि गुजराती थिएटर को भारत से बाहर ले जाना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उन्होंने बताया कि दर्शकों से मिले अपार प्रेम ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद दर्शकों का उत्साह और उनका समर्पण कम नहीं हुआ, बल्कि और मजबूत हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2026 उनके लिए नई संभावनाओं से भरा हुआ है और वह इस नए चरण को लेकर काफी उत्साहित हैं।

यह नाटक अब केवल एक मनोरंजन माध्यम नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति और समृद्ध कहानी कहने की परंपरा का वैश्विक प्रतिनिधि बनता जा रहा है। भारत में मजबूत सफलता के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी बढ़ती पहचान यह साबित करती है कि अच्छी कहानी की कोई सीमा नहीं होती।