मुंबई। अभिनेता गोविंदा के प्रशंसकों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर चल रहे गोविंदा जल्द ही अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। यह जानकारी उनके मैनेजर शशि सिन्हा ने दी है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में शशि सिन्हा ने बताया कि गोविंदा इस समय कई फिल्मों के प्रस्तावों पर विचार कर रहे हैं और सही स्क्रिप्ट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि गोविंदा के करियर में किसी तरह की गिरावट नहीं आई है, बल्कि वह पहले की तरह ही अपने काम को लेकर चयनशील हैं।
शशि सिन्हा के अनुसार, “आज भी कई निर्माता और अभिनेता गोविंदा के साथ काम करना चाहते हैं। अगर उन्हें कोई कहानी पसंद नहीं आती, तो वह उसे छोड़ देते हैं। यही वजह है कि वह समय लेकर सही प्रोजेक्ट चुन रहे हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि गोविंदा हाल के दिनों में प्रोफेशनल प्रतिबद्धताओं के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और इवेंट्स में परफॉर्म कर रहे हैं और पूरी तरह सक्रिय हैं।
इस बीच गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता के रिश्ते को लेकर सामने आ रही खबरों को भी मैनेजर ने निराधार बताया। शशि सिन्हा ने कहा कि दंपती के बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं है और यह सब महज अफवाहें हैं। उन्होंने कहा कि गोविंदा अपने परिवार का पूरा ध्यान रख रहे हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गोविंदा ने खुद भी निजी जीवन को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह इन मुश्किल हालात से उबरने के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं और अपने बच्चों की भलाई को सबसे ऊपर रखते हैं।
अब ऐसे में माना जा रहा है कि गोविंदा जल्द ही किसी बड़े और दमदार प्रोजेक्ट के जरिए पर्दे पर वापसी कर सकते हैं, जिसका उनके प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है।