विक्रमादित्य सिंह दूसरी बार शादी के बंधन में बंधेंगे

विक्रमादित्य सिंह दूसरी बार शादी के बंधन में बंधेंगे

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के पुत्र और कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह 22 सितंबर 2025 को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी चंडीगढ़ के सेक्टर-2 में होगी। दूल्हन होंगी अमरीन कौर, जो चंडीगढ़ की रहने वाली हैं और पंजाब यूनिवर्सिटी में मनोविज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।


अमरीन कौर कौन हैं?

अमरीन कौर एक शिक्षाविद हैं, जिन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वे वर्तमान में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में मनोविज्ञान विषय पढ़ाती हैं। उनके पिता का नाम सरदार जोतिंद्र सिंह सेखों और माता का नाम सरदारनी ओपिंद्र कौर है। उनका परिवार चंडीगढ़ के सेक्टर-2 में निवास करता है। अमरीन और विक्रमादित्य पुराने मित्र बताए जाते हैं।


पहली शादी उदयपुर राजघराने में हुई थी

यह विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी होगी। उनकी पहली शादी उदयपुर राजघराने की राजकुमारी सुदर्शना सिंह के साथ 8 मार्च 2019 को हुई थी। हालांकि यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चला और नवंबर 2024 में दोनों का तलाक हो गया।


विवाह कार्यक्रम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह 22 सितंबर की सुबह 10 बजे से शुरू होगा और दोपहर 1 बजे भोज का आयोजन किया जाएगा। शादी का कार्ड भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।


राजनीतिक जीवन

विक्रमादित्य सिंह इस समय हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण मंत्री (PWD) हैं। वे शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में उन्होंने मंडी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जहां उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी और अभिनेत्री कंगना रनौत से हुआ था।