मिशिगन राज्य के ग्रैंड ब्लैंक टाउनशिप में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। द चर्च ऑफ लैटर-डे सेंट्स (मॉर्मन चर्च) में प्रार्थना सभा के दौरान एक हमलावर ने गाड़ी चर्च की मुख्य इमारत में घुसा दी और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।
स्थानीय पुलिस प्रमुख विलियम रेने ने बताया कि 40 वर्षीय हमलावर, जो मिशिगन का ही रहने वाला था, ने पहले अपनी गाड़ी—जिस पर दो बड़े अमेरिकी झंडे लगे थे—चर्च के दरवाजे में टकराई। इसके बाद वह असॉल्ट राइफल से लोगों पर गोलियां बरसाने लगा। उस समय चर्च के अंदर सैकड़ों लोग मौजूद थे।
गोलीबारी के बाद हमलावर ने चर्च में आग भी लगा दी। कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मलबे में और शव मिलने की आशंका है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “हमने पहले सोचा कि कोई हादसा हुआ है और हम मदद करने बाहर आए, लेकिन तभी गोलियों की आवाजें गूंजने लगीं।”
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और परिवारों को पुनर्मिलन केंद्र (Reunification Pavilion) ले जाया गया। वहीं, ऑफसाइट पुनर्मिलन के लिए ट्रिलियम थिएटर को निर्धारित किया गया है।