नई दिल्ली।
ईरान में जारी हिंसा और व्यापक विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए कड़ी एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे उपलब्ध सभी साधनों का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान में सुरक्षा स्थिति तेजी से बदल रही है। ऐसे में वहां रह रहे भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के व्यक्ति (PIO) पूरी सतर्कता बरतें, किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन या अशांत इलाकों से दूर रहें और स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए रखें।
उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग करने की सलाह
एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि भारतीय नागरिक कमर्शियल उड़ानों सहित सभी उपलब्ध परिवहन विकल्पों का उपयोग कर सुरक्षित रूप से ईरान से बाहर निकलें। इसके साथ ही यात्रा और इमिग्रेशन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज—जैसे पासपोर्ट और पहचान पत्र—हर समय अपने पास सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई है।
भारतीय दूतावास से संपर्क में रहने को कहा
सरकार ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के नियमित संपर्क में रहने को कहा है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सहायता के लिए दूतावास से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है। विदेश मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यकता पड़ने पर भारतीय नागरिकों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पिछले महीने से जारी हैं विरोध प्रदर्शन
गौरतलब है कि ईरान में पिछले महीने के अंत से विरोध प्रदर्शन जारी हैं। शुरुआत में ये आंदोलन आर्थिक मुद्दों, विशेषकर ईरानी मुद्रा रियाल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने के बाद शुरू हुए थे, जो धीरे-धीरे राजनीतिक बदलाव की मांग में तब्दील हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये प्रदर्शन देश के सभी 31 प्रांतों में फैल चुके हैं।
इससे पहले भी 5 जनवरी को भारत सरकार ने ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह जारी की थी। मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार ने एक बार फिर दोहराया है कि भारतीय नागरिक सतर्क रहें और अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।