भारत की 2030 राष्ट्रमंडल खेल मेज़बानी की तैयारी को आईओए की हरी झंडी

भारत की 2030 राष्ट्रमंडल खेल मेज़बानी की तैयारी को आईओए की हरी झंडी

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने बुधवार को अपनी विशेष आम बैठक (AGM) में अहम फैसला लेते हुए 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी के लिए भारत की दावेदारी को औपचारिक मंजूरी दे दी है। इस दावेदारी के तहत अहमदाबाद को मेज़बान शहर चुना गया है और इसके लिए आश्य पत्र पहले ही जमा किया जा चुका है। अब 31 अगस्त से पहले अंतिम प्रस्ताव सौंपना होगा, जिसके बाद मेज़बान देश का चयन होगा।

मेज़बानी की राह आसान

कनाडा के दौड़ से बाहर होने के बाद भारत की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं। हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों के निदेशक डैरेन हॉल के नेतृत्व में एक टीम अहमदाबाद पहुंची थी, जहां उन्होंने संभावित खेल स्थलों का निरीक्षण किया और गुजरात सरकार के अधिकारियों से चर्चा की।

अहमदाबाद में फिर पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल

इस महीने के अंत में एक और राष्ट्रमंडल खेल प्रतिनिधिमंडल अहमदाबाद का दौरा करेगा। नवंबर के आखिरी हफ्ते में ग्लासगो में होने वाली आम सभा में मेज़बान देश पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

2010 के बाद फिर मौका

भारत इससे पहले 2010 में दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी कर चुका है। इस बार, अगर अहमदाबाद को मौका मिलता है, तो यह भारत के खेल इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ देगा।