हॉलीवुड अभिनेत्री जेसिका अल्बा ने 2005 में रिलीज़ हुई सुपरहीरो फ़िल्म फैंटास्टिक फोर के उस दृश्य को अपना “सबसे अपमानजनक अनुभव” बताते हुए कहा है, जिसे शूट करने से पहले वह कई हफ़्तों तक तनाव में रहीं। रेड सी फ़िल्म फ़ेस्टिवल में बातचीत के दौरान अल्बा ने बताया कि फिल्म में सू स्टॉर्म का पुल पर नग्न दिखाई देने वाला सीन उनके लिए बेहद कठिन था।
अल्बा ने कहा, “मैं एक बेहद पारंपरिक परिवार से आती हूं और निजी तौर पर भी काफी संकोची हूं। वह दृश्य शूट करना मेरे लिए बेहद असहज और शर्मनाक था। उसे लेकर मुझे सचमुच व्हिपलैश जैसा अनुभव हुआ।”
फिर भी, अभिनेत्री ने माना कि उनका किरदार सू स्टॉर्म उस दौर में महिलाओं की रूढ़ छवियों को तोड़ने वाला था। “सू दयालु होने के साथ-साथ मज़बूत नैतिकता वाली महिला थी, जो अपनी बात साफ़ कहती थी। वह किसी पर निर्भर नहीं थी— यह उस समय कम ही देखने को मिलता था,” उन्होंने कहा।
अल्बा ने बताया कि वह अब तक 2025 में रिलीज़ फैंटास्टिक फोर: फ़र्स्ट स्टेप्स नहीं देख पाई हैं। उनका कहना है कि घर में बच्चों की पसंद ही तय करती है कि क्या देखा जाए। “अगर ‘सॉनिक’ आ जाए तो मेरा बेटा उसे 80 बार देख लेगा,” उन्होंने मज़ाक में कहा।
इन दिनों अल्बा अपनी प्रोडक्शन कंपनी लेडी मेटलमार्क एंटरटेनमेंट के ज़रिये ऐसी कहानियां बनाना चाहती हैं जो विविधता को जगह दें। उनका कहना है कि बड़े होते समय उन्हें परदे पर अपने जैसे किरदार कम दिखे। “जब कहानी कहने वाले ज़्यादातर लोग एक ही तरह की पृष्ठभूमि से हों, तो उनका नज़रिया सीमित हो जाता है,” उन्होंने कहा।
अभिनेत्री ने इस साल पति कैश वॉरेन से 16 साल पुराने विवाह का अंत किया। दोनों की मुलाकात फैंटास्टिक फोर के सेट पर ही हुई थी। अल्बा ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वे ‘सम्मान और प्रेम के साथ’ अपने रास्ते अलग कर रहे हैं ताकि व्यक्तिगत विकास जारी रख सकें।
तीन बच्चों— बेटी ऑनर (17), हेवन (14) और बेटे हेज़ (7)— के माता-पिता ने कहा था कि बच्चों की भलाई उनकी प्राथमिकता है।
इसी बीच, वॉरेन को मॉडल हाना सन डोएरर के साथ डेट करते देखा गया, जबकि अल्बा इन दिनों अभिनेता डैनी रामिरेज़ के साथ रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। सूत्रों के अनुसार, यह रिश्ता अभी शुरुआती चरण में है लेकिन दोनों एक-दूसरे की कंपनी का आनंद ले रहे हैं।