कंगना रनौत बोलीं – ‘झांसी की रानी का किरदार मेरे लिए पुनर्जन्म जैसा अनुभव

कंगना रनौत बोलीं – ‘झांसी की रानी का किरदार मेरे लिए पुनर्जन्म जैसा अनुभव

बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ में रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका निभाना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। 15 अगस्त को शिरडी साईं बाबा के दर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में कंगना ने बताया कि यह रोल उनके लिए किसी पुनर्जन्म से कम नहीं था।

कंगना ने कहा, “इस किरदार ने मुझे स्वतंत्रता संग्राम और देश के इतिहास को गहराई से समझने का मौका दिया। फिल्म इंडस्ट्री में मेरी छवि को धूमिल करने के बाद यह भूमिका मेरे लिए आत्मविश्वास और सम्मान की नई शुरुआत थी। हमारे देश की वीरांगनाओं पर और भी फिल्में बननी चाहिए।”

अभिनेत्री ने यह भी साझा किया कि जब छोटे-छोटे बच्चे स्कूल में झांसी की रानी पर आधारित कार्यक्रम करते हैं तो उन्हें देखकर गर्व और खुशी होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दिल्ली आने पर प्रधानमंत्री संग्रहालय के ‘लाइट एंड साउंड शो’ को जरूर देखें। कंगना ने बताया कि इस शो में देश की कई वीरांगनाओं की कहानियां प्रस्तुत की जाती हैं, जिनमें उन्होंने वॉइस ओवर दिया है।

‘मणिकर्णिका’ के बारे में कंगना ने कहा कि उन्होंने इसमें अभिनय के साथ निर्देशन में भी योगदान दिया था। लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने भारत में 98.02 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 142 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

इस मौके पर कंगना ने स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि ऐसी कहानियां पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।