नई दिल्ली। अभिनेत्री और राजनेता कंगना रनौत जल्द ही एक नई फिल्म में नजर आने वाली हैं, जो 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। फिल्म का नाम ‘भारत भाग्य विधाता’ बताया जा रहा है। इस फिल्म में हमलों के दौरान एक अस्पताल में घटित भयावह घटनाओं और वहां मौजूद कर्मचारियों के साहस को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की कहानी उस कठिन समय पर केंद्रित है जब मुंबई में आतंकियों ने कई जगहों पर हमला किया था और पूरे शहर में दहशत का माहौल था। इसी दौरान अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की थी। फिल्म में उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाया जाएगा।
कंगना निभाएंगी स्टाफ नर्स का किरदार
फिल्म में कंगना रनौत एक स्टाफ नर्स की भूमिका निभाती नजर आएंगी। उनके किरदार के माध्यम से उन लोगों की कहानी सामने लाई जाएगी जो संकट की घड़ी में पर्दे के पीछे रहकर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह किरदार अस्पताल के कर्मचारियों की निडरता, समर्पण और मानवता की भावना को दर्शाएगा।
हमले के दौरान अस्पताल में मची थी अफरा-तफरी
26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने मुंबई में कई स्थानों पर हमला किया था। इन हमलों के दौरान आतंकवादी अजमल कसाब और इस्माइल खान शहर में कई जगहों पर आतंक फैलाते हुए अस्पताल परिसर तक पहुंच गए थे। हमले में सुरक्षा गार्डों की हत्या कर दी गई थी और कई कर्मचारी घायल हो गए थे।
दहशत के माहौल के बावजूद अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और अन्य गंभीर मरीजों को सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं, सभी लाइटें बंद कर दीं और अपने फोन साइलेंट कर दिए ताकि आतंकियों का ध्यान उनकी ओर न जाए।
कंगना की आने वाली फिल्में
कंगना रनौत हाल ही में फिल्म ‘इमरजेंसी’ में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। इसके अलावा कंगना अपने हॉलीवुड प्रोजेक्ट ‘ब्लेस्ड बी द डेविल’ को लेकर भी चर्चा में हैं, जिसमें वह एक अहम किरदार निभाती दिखाई दे सकती हैं।