कपिल शर्मा ने कनाडा स्थित कैफे में फायरिंग के बाद की पहली पोस्ट, कहा- ‘टीम पर गर्व है’, फैन्स बोले- गुड लक

कपिल शर्मा ने कनाडा स्थित कैफे में फायरिंग के बाद की पहली पोस्ट, कहा- ‘टीम पर गर्व है’, फैन्स बोले- गुड लक

मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा ने कनाडा स्थित अपने रेस्टोरेंट कैप्स कैफे में हुई फायरिंग की घटना के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। घटना के एक सप्ताह से अधिक समय बाद कैफे के दोबारा खुलने पर कपिल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कैफे की आधिकारिक पोस्ट को शेयर किया और लिखा, “टीम @thekapscafe पर गर्व है।”

कैफे की ओर से साझा की गई पोस्ट में लिखा गया,

"कैप्स कैफे कल फिर से खुलेगा। हमें आपकी बहुत याद आई और आपके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए हम सचमुच आभारी हैं। तहे दिल से शुक्रिया। हम अपने दरवाजे फिर से खोल रहे हैं और आपका गर्मजोशी, आराम और देखभाल के साथ स्वागत करने के लिए तैयार हैं। जल्द मिलते हैं सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक।"

पोस्ट के साथ दिए गए कैप्शन में यह भी लिखा गया:

"कल खुल रहा है, लाइटें जल रही हैं, कॉफी गरम है और हमारा दिल भर आया है... कैप्स कैफे कल फिर से खुल रहा है।"

कपिल के इस पोस्ट पर उनके फैन्स ने शुभकामनाएं दीं और लिखा, "गुड लक", "आपकी टीम को सलाम" और "कड़ी मेहनत रंग लाती है।"


क्या थी फायरिंग की घटना?

10 जुलाई को स्थानीय समयानुसार तड़के करीब 1:50 बजे कैप्स कैफे के बाहर कई गोलियों की आवाजें सुनी गईं। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, उस समय रेस्टोरेंट के कुछ कर्मचारी अंदर मौजूद थे। सौभाग्यवश, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कैफे की एक खिड़की पर कम से कम 10 गोलियों के निशान पाए गए, जबकि एक अन्य खिड़की का शीशा पूरी तरह से टूट चुका था।

जिस इमारत में कैफे स्थित है, उसके ग्राउंड फ्लोर पर खुदरा दुकानें और ऊपर रेजिडेंशियल अपार्टमेंट हैं। हालांकि, इमारत में रहने वालों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने इस घटना को "दिल दहला देने वाला" बताया और कहा कि वे "स्तब्ध" हैं कि ऐसा हमला उनके परिसर में हुआ।


कैफे के दोबारा खुलने की खबर ने ना सिर्फ वहां की स्थानीय कम्युनिटी बल्कि भारत में कपिल शर्मा के प्रशंसकों को भी राहत दी है। सोशल मीडिया पर कपिल के इस साहसिक फैसले की जमकर तारीफ हो रही है।