ट्रंप टैरिफ पर अरविंद केजरीवाल का तीखा हमला, पीएम मोदी पर गंभीर आरोप

ट्रंप टैरिफ पर अरविंद केजरीवाल का तीखा हमला, पीएम मोदी पर गंभीर आरोप

नई दिल्ली, 28 अगस्त 2025
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने के फैसले ने भारतीय राजनीति में हलचल मचा दी है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा।

"ट्रंप की गुंडागर्दी का जवाब देना चाहिए था"

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा, “अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुंडागर्दी करके 50% टैरिफ लगाया है, तो हमें भी सख्त कदम उठाने चाहिए थे। अमेरिका ने जब अन्य देशों पर टैरिफ लगाया, तो उन देशों ने भी जवाबी कार्रवाई की और आखिरकार ट्रंप को झुकना पड़ा। लेकिन मोदी जी अमेरिका को उसी भाषा में जवाब नहीं दे पाए।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत को चाहिए था कि वह अमेरिका पर 100% टैरिफ लगाकर अपने किसानों और उद्योगों के हितों की रक्षा करता।

"किसानों के साथ धोखा"

अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अमेरिकी दबाव में भारतीय किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है। उन्होंने खुलासा किया कि हाल ही में सरकार ने अमेरिका से आने वाले कपास पर लगने वाला 11% आयात शुल्क हटा दिया है।

“अब अमेरिका से आयातित कपास भारत के किसानों के कपास से सस्ता हो जाएगा। ऐसे में भारतीय किसानों का कपास कौन खरीदेगा? यह निर्णय सीधे-सीधे हमारे किसानों को बर्बादी की ओर धकेलेगा।” — केजरीवाल ने कहा।

राजनीतिक संग्राम तेज

टैरिफ विवाद के बहाने विपक्षी दलों ने एक बार फिर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश तेज कर दी है। केजरीवाल के आरोपों से साफ है कि यह मामला न केवल आर्थिक, बल्कि राजनीतिक तौर पर भी आने वाले दिनों में बड़ा मुद्दा बन सकता है।