सिडनी, 9 दिसंबर 2025
ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख रिटेल कंपनी Kmart ने बच्चों के लिए बेचे जा रहे तीन लोकप्रिय सेंसरी ऐक्टिविटी सेट्स को तुरंत प्रभाव से बाजार से हटा लिया है। इन उत्पादों में मौजूद रेत के कुछ नमूनों में एस्बेस्टस पाए जाने की आशंका के बाद यह कदम उठाया गया है।
वापस मंगाए गए खिलौनों में HL Toys International द्वारा बनाए गए पाव पेट्रोल, फ्रोजन 2 और ब्लूई थीम वाले एक्टिविटी सेट शामिल हैं। इनका बिक्री काल 8 अक्टूबर 2025 से 17 नवंबर 2025 के बीच रहा था। संबंधित उत्पादों के SKU नंबर हैं—43625239, 43610266 और 43610259।
ऑस्ट्रेलियन कम्पटीशन ऐंड कंज्यूमर कमीशन (ACCC) ने माता-पिता और उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे इन उत्पादों का उपयोग तुरंत बंद कर दें और इन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दें। संस्था के अनुसार, कुछ नमूनों में ट्रेमोलाइट और क्राइसोटाइल एस्बेस्टस की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। हालांकि इन्हें सांस के जरिए शरीर में जाने का जोखिम कम बताया गया है, फिर भी किसी भी प्रकार का संपर्क स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।
Kmart ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर कहा कि,
“उत्पादों में मौजूद रेत में एस्बेस्टस की थोड़ी मात्रा पाई जा सकती है, जो ऑस्ट्रेलिया में प्रतिबंधित पदार्थ है। ग्राहक तुरंत इनका उपयोग बंद करें और सुरक्षित रूप से निपटान करें।”
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इन उत्पादों को खरीदने वाले ग्राहक पूरी राशि की वापसी (रिफंड) प्राप्त कर सकते हैं।
हाल ही में ACCC ने CleverPatch कंपनी के रंगीन और ग्लिटर सैंड से जुड़े कई कला-किट उत्पादों पर भी चेतावनी जारी की थी। इन उत्पादों में भी जांच के दौरान एस्बेस्टस की मौजूदगी सामने आई थी।