एडिलेड एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब सीमा सुरक्षा अधिकारियों ने एक यात्री की सूटकेस से काला तरल पदार्थ रिसते देखा। जांच के बाद इस पदार्थ को हेरोइन पाया गया।
यह घटना बुधवार को हुई जब दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले 47 वर्षीय एक व्यक्ति को ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश के दौरान संदिग्ध समझते हुए उसकी पूरी बैगेज जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों ने देखा कि सूटकेस के हैंडल्स से एक काला, चिपचिपा तरल पदार्थ निकल रहा है।
जब इस तरल की जांच की गई, तो उसमें हेरोइन की पुष्टि हुई। कुल मिलाकर 500 ग्राम से अधिक नशीला पदार्थ सूटकेस के हैंडल्स में छिपाया गया था। तस्वीरों में यह पदार्थ ठोस रूप में भी दिखाई दे रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई सीमा सुरक्षा बल (ABF) ने तुरंत व्यक्ति को ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) के हवाले कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
एएफपी के डिटेक्टिव एक्टिंग सुपरिटेंडेंट साइमन लालीक ने कहा, "हम नशीली दवाओं के व्यापार की हर परत को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ये अपराधी केवल लालच में अंधे होते हैं और समाज को होने वाले नुक़सान की कोई परवाह नहीं करते।"
2024 में ही एएफपी ने बॉर्डर फोर्स की मदद से 740 से अधिक अवैध ड्रग्स के आयात को रोका था।
एबीएफ सुपरिंटेंडेंट जोडी ग्रिसवुड ने कहा, "हमारे अधिकारी बहुत अनुभवी और सतर्क होते हैं। यह सफलता किस्मत से नहीं मिलती – ये हमारे नियमित प्रशिक्षण और अनुभव का परिणाम है।"
गिरफ्तार व्यक्ति को बुधवार को एडिलेड मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ उस पर 'नियंत्रित पदार्थ आयात' का आरोप लगाया गया। इस अपराध के लिए अधिकतम 25 वर्षों की सजा हो सकती है।
अब आरोपी की अगली पेशी 23 सितंबर 2025 को होगी।