आरएसीपी बोर्ड में बड़ा संकट, 10 में से 6 सदस्यों ने दिया इस्तीफ़ा

आरएसीपी बोर्ड में बड़ा संकट, 10 में से 6 सदस्यों ने दिया इस्तीफ़ा

सिडनी।
रॉयल ऑस्ट्रेलैशियन कॉलेज ऑफ फिज़ीशियन्स (RACP) के भीतर सत्ता संघर्ष और गवर्नेंस को लेकर बढ़ते विवाद ने एक गंभीर मोड़ ले लिया है। संस्था की 10-सदस्यीय बोर्ड में से केवल चार ही सदस्य बचे हैं, जबकि छह ने सामूहिक रूप से इस्तीफ़ा दे दिया है।

सत्ता संघर्ष ने बढ़ाई खाई

सूत्रों के अनुसार, कॉलेज में लंबे समय से चल रही खींचतान और ‘टॉक्सिक’ माहौल ने हालात को इस कदर बिगाड़ दिया कि बोर्ड सदस्यों को पद छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। इस्तीफ़ा देने वाले सदस्यों का कहना है कि संगठनात्मक पारदर्शिता और निर्णय प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठते रहे, लेकिन सुधार के प्रयास नाकाम रहे।

मेडिकल शिक्षा पर असर का डर

आरएसीपी ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में चिकित्सकों की ट्रेनिंग और पेशेवर मानकों के लिए प्रमुख संस्था है। विशेषज्ञों का मानना है कि बोर्ड में फैली अव्यवस्था का सीधा असर मेडिकल शिक्षा, डॉक्टरों की ट्रेनिंग और स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ सकता है।

आगे की राह अनिश्चित

अब कॉलेज के पास मात्र चार बोर्ड सदस्य बचे हैं, जबकि संगठनात्मक स्थिरता के लिए कम से कम सात का होना आवश्यक है। ऐसे में आरएसीपी के भविष्य और नई नियुक्तियों पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।