मिर्जापुर: द फिल्म’ की शूटिंग पूरी

मिर्जापुर: द फिल्म’ की शूटिंग पूरी

प्राइम वीडियो की चर्चित क्राइम थ्रिलर सीरीज पर आधारित मिर्जापुर: द फिल्म की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी हो गई है। इसकी जानकारी अभिनेत्री श्रिया पिलगांवकर ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने फिल्म के सेट से कई तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए ‘मिर्जापुर’ का क्लैप बोर्ड भी दिखाया।

श्रिया पिलगांवकर फिल्म में एक बार फिर स्वीटी गुप्ता के किरदार में नजर आएंगी। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि इस टीम के साथ काम करना हमेशा खास रहता है और अपने किरदार को दोबारा जीना उनके लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दर्शकों के लिए यह फिल्म “बहुत जबरदस्त” होने वाली है।

श्रिया द्वारा साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में अली फजल, श्वेता त्रिपाठी और हर्षिता गौर सहित कई कलाकार नजर आ रहे हैं। सेट की झलकियों ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

फिल्म के बारे में
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ लोकप्रिय वेब सीरीज का फिल्मी रूपांतरण है, जो उत्तर भारत के सत्ता संघर्ष और आपराधिक अंडरवर्ल्ड की कहानी को आगे बढ़ाती है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी कलीन भैया के रूप में, अली फजल गुड्डू पंडित के रूप में और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी भी कंपाउंडर की अपनी चर्चित भूमिका को दोहराते नजर आएंगे।

फिल्म के 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है। शूटिंग पूरी होने की खबर के बाद से ही दर्शक बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।