हिंदी सिनेमा जगत में एक नई शुरुआत होने जा रही है। शिवसेना संस्थापक बाला साहेब ठाकरे के पोते ऐश्वर्या ठाकरे अब फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। उनका यह डेब्यू किसी छोटे मंच से नहीं बल्कि दिग्गज फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म निशानची से होगा। बुधवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह जगा दिया है।
जारी हुए ट्रेलर में दर्शकों को एक बार फिर उस दौर की झलक देखने को मिलती है, जब 2000 के दशक की शुरुआत में मसाला फिल्मों का जलवा परदे पर छाया रहता था।
फिल्म की कहानी उत्तर प्रदेश के एक छोटे कस्बे से शुरू होती है, जहां बबलू निशानची, रंगीली रिंकू और डबलू जैसे किरदार अपनी-अपनी दुनिया में मशगूल हैं। अचानक इनकी जिंदगी एक-दूसरे से टकराती है और शुरू होता है एक रोमांचक सफर।
ट्रेलर में एक्शन, ड्रामा, रोमांस, कॉमेडी, मां का ममत्व और सीटी-मार डायलॉग्स का भरपूर तड़का देखने को मिलता है। अनुराग कश्यप की खासियत रही है कि वे यथार्थ और सिनेमा का दिलचस्प मेल बैठाते हैं। निशानची में भी उन्होंने वही छाप छोड़ी है।
यह फिल्म ऐश्वर्या ठाकरे के लिए बेहद अहम है। ठाकरे परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद ऐश्वर्या हमेशा से फिल्मी दुनिया का हिस्सा बनने का सपना देखते रहे हैं। निशानची के साथ उनका यह सपना साकार हो रहा है।
ट्रेलर देखकर साफ है कि ऐश्वर्या को पूरी तरह से एक मसाला हीरो की एंट्री दी गई है। एक्शन दृश्यों से लेकर इमोशनल पलों तक वे हर रंग में दिखाई देते हैं।
ट्रेलर लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग कह रहे हैं कि अनुराग कश्यप का यह नया प्रयोग बॉलीवुड को एक अलग तरह की मसाला फिल्म देगा। वहीं, ठाकरे परिवार से जुड़ाव होने के कारण भी इस फिल्म को लेकर चर्चा और ज्यादा बढ़ गई है।
फिल्म निशानची की रिलीज़ डेट को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। हालांकि ट्रेलर ने दर्शकों की बेसब्री इतनी बढ़ा दी है कि अब सभी निगाहें इसके सिनेमाघरों में आने की तारीख पर टिकी हुई हैं।