ऑस्ट्रेलिया में पासपोर्ट आवेदन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब नए पासपोर्ट के लिए लंबी कतारों में खड़े होने और ऑस्ट्रेलिया पोस्ट ऑफिस जाने की आवश्यकता नहीं होगी। विदेश मामलों और व्यापार विभाग (DFAT) ने घोषणा की है कि जल्द ही नागरिकों को नया पासपोर्ट ऑनलाइन आवेदन करके ही मिल सकेगा।
फिलहाल, ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को नया पासपोर्ट बनवाने के लिए या तो ऑनलाइन फॉर्म भरकर पोस्ट ऑफिस में जमा करना होता है, या फिर पेपर फॉर्म भरकर पोस्ट ऑफिस जाकर आवेदन करना पड़ता है। लेकिन अब यह पूरा प्रक्रिया डिजिटल हो जाएगी।
DFAT ने एक बयान में कहा, "जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई नागरिक नया पासपोर्ट पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन करके प्राप्त कर सकेंगे। पोस्ट ऑफिस जाकर आवेदन जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।"
लाइसेंस्ड पोस्ट ऑफिस ग्रुप की कार्यकारी निदेशक एंजेला क्रैम्प ने 2GB रेडियो को बताया कि यह परिवर्तन कई वर्षों से प्रक्रिया में था और अगले साल तक इसे लागू कर दिया जाएगा।
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि कुछ लोग अब भी व्यक्तिगत रूप से पोस्ट ऑफिस जाकर आवेदन करना पसंद करते हैं, ताकि कोई अधिकारी उनके दस्तावेज़ों की जांच कर सके और उन्हें विश्वास हो कि उनका आवेदन सही तरीके से जमा हो गया है।
"कई लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाना एक तनावपूर्ण प्रक्रिया होती है क्योंकि वे चिंतित रहते हैं कि उनके दस्तावेज सही हैं या नहीं। ऐसे में वे चाहते हैं कि कोई अनुभवी व्यक्ति उनके फॉर्म और कागजात जांच ले," उन्होंने कहा।
यह नई व्यवस्था पासपोर्ट आवेदन प्रक्रिया को सरल, त्वरित और डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, जो लोग अब भी व्यक्तिगत सहायता चाहते हैं, उनके लिए पोस्ट ऑफिस की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।