नई दिल्ली। निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है और लगातार चर्चा में बनी हुई है। इसकी लोकप्रियता अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि पड़ोसी देश पाकिस्तान तक भी पहुंच गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तान के कराची स्थित ल्यारी इलाके के कुछ लोग फिल्म की सफलता पर अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में स्थानीय लोगों ने फिल्म की कमाई में हिस्सेदारी की मांग करते हुए कहा कि उन्हें भी इसका लाभ मिलना चाहिए।
एक व्यक्ति ने कहा कि अगर फिल्म 1000 करोड़ रुपये कमा रही है, तो कम से कम 500 करोड़ रुपये ल्यारी के विकास के लिए दिए जाने चाहिए। उसने यह भी बताया कि इलाके की सड़कों की हालत बेहद खराब है और बच्चों को चलने में भी परेशानी होती है।
वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने भावुक अपील करते हुए कहा, “हम बहुत मांग कर रहे हैं, लेकिन हमें कुछ नहीं मिल रहा है। दे दो भाईजान।”
वीडियो में कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि फिल्म में ल्यारी की परिस्थितियों और नाम का इस्तेमाल किया गया है, इसलिए वहां के लोगों का हक बनता है कि उन्हें भी कमाई का हिस्सा मिले। कुछ लोगों ने तो 70 से 80 प्रतिशत तक हिस्सेदारी देने की बात भी कही।
हालांकि, इस पूरे मामले पर फिल्म के निर्माता या निर्देशक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त सफलता के बीच यह मामला चर्चा का नया विषय बन गया है, जिसने फिल्म की लोकप्रियता को और बढ़ा दिया है।